

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Mamata Banerjee makes a big announcement after the election defeat, saying, 'I will not resign'
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर साफ कर दिया कि वह इस्तीफा नहीं देंगी। उन्होंने चुनाव परिणामों को स्वीकार करने से इनकार करते हुए दावा किया कि उनकी पार्टी को “हराया गया है, हारी नहीं है”।
ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग, बीजेपी और केंद्रीय एजेंसियों पर तीखे आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि टीएमसी की हार के पीछे मुख्य जिम्मेदार चुनाव आयोग है और चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पक्षपातपूर्ण रही।
“मुझे राजभवन क्यों जाना चाहिए?”- ममता
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ममता बनर्जी ने कहा कि अगर उन्हें शपथ लेनी होती तो वह राजभवन जातीं, लेकिन अब ऐसा कोई सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कहा,“क्या आपको लगता है कि मैं इस्तीफा दे दूंगी? मैं नहीं जाऊंगी। मैं सड़कों पर थी और सड़कों पर ही रहूंगी।” उन्होंने खुद को जनता की नेता बताते हुए कहा कि उनका संघर्ष अब भी जारी रहेगा।
“हम चुनाव हारे नहीं, हराए गए हैं”
टीएमसी सुप्रीमो ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने चुनाव में “100 वोट चोरी” किए और केंद्रीय बलों का दुरुपयोग किया गया। उन्होंने दावा किया कि सीआरपीएफ जवानों ने उनके साथ बदसलूकी और मारपीट की।
ममता ने कहा, “उन्होंने मेरे पेट और पीठ पर लात मारी, धक्का देकर बाहर निकाला।” उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया को “प्रजातंत्र की हत्या” करार दिया।
चुनाव आयोग पर लगाया पक्षपात का आरोप
ममता बनर्जी ने कहा कि उनकी लड़ाई केवल बीजेपी से नहीं बल्कि चुनाव आयोग से भी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किए गए।
उनके मुताबिक,चुनाव से पहले टीएमसी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया, कई जगह छापेमारी हुई,आईपीएस और आईएएस अधिकारियों का तबादला किया गया, मतदाता सूची से लाखों नाम हटाए गए। उन्होंने दावा किया कि “SIR में 90 लाख नाम हटाए गए” और पूरी चुनाव प्रक्रिया में “गंदे और चालाक तरीके” अपनाए गए।
“अब मैं आजाद चिड़िया हूं”
ममता बनर्जी ने कहा कि अब उनके पास कोई पद नहीं है और वह एक सामान्य नागरिक की तरह INDIA गठबंधन को मजबूत करने का काम करेंगी।
उन्होंने कहा, “मैंने 15 साल में न वेतन लिया और न ही पेंशन। अब मैं आजाद चिड़िया हूं और अपने तरीके से काम करूंगी।” उन्होंने यह भी कहा कि उनका पूरा जीवन जनता की सेवा के लिए समर्पित रहा है।
“हम बाउंस बैक करेंगे”
टीएमसी प्रमुख ने भरोसा जताया कि उनकी पार्टी फिर से मजबूत होकर वापसी करेगी। उन्होंने कहा कि बंगाल में उनकी लड़ाई लोकतंत्र बचाने की लड़ाई थी।
ममता ने कहा, “यदि वे सही तरीके से जीतते तो मैं कुछ नहीं बोलती, लेकिन हमें जबरदस्ती हराया गया। हम लोग बाउंस बैक करेंगे।” उन्होंने केंद्र सरकार पर एकदलीय व्यवस्था थोपने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया।