

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: Massive fire at Raipur's Miwan Steel Plant, black smoke visible for several kilometers
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के आरंग क्षेत्र स्थित मंदिर हसौद के मिवान स्टील लिमिटेड प्लांट में मंगलवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने से पहले प्लांट में ब्लास्ट होने की सूचना मिली, जिसके बाद देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग से उठ रहा काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया।
फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना सुबह करीब 5:30 बजे मिली। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर प्रशासन और पुलिस की टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई। अधिकारियों की निगरानी में राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया।
दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू
फायर ब्रिगेड कर्मियों ने करीब दो घंटे तक लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के क्षेत्र में भी सतर्कता बरती गई। अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित बताते हुए कहा कि फिलहाल किसी बड़े खतरे की आशंका नहीं है।
टर्बाइन लीकेज को माना जा रहा आग का कारण
मंदिर हसौद थाना प्रभारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में प्लांट के भीतर टर्बाइन लीकेज के कारण आग लगने की बात सामने आई है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।
जनहानि नहीं, नुकसान का आकलन जारी
तहसीलदार विनोद साहू ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया था। फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही। राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं प्लांट को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
जांच के बाद सामने आएगी पूरी तस्वीर
प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के कारणों और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।