

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Massive fire breaks out at plastic factory in Raipur, several fire tenders at the spot
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के आमा सिवनी सड्डू इलाके में गुरुवार सुबह एक मल्टीलेयर प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में फैक्ट्री का पूरा गोदाम आ गया, वहीं पास स्थित एक स्टेशनरी गोदाम भी इसकी जद में आ गया।
मौके पर मची अफरा-तफरी
आग लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया और चारों ओर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी।
दमकल की कई गाड़ियां पहुंचीं
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए भिलाई और आसपास के जिलों से भी अतिरिक्त दमकल वाहनों को बुलाया गया है। कुछ निजी उद्योगों की फायर ब्रिगेड टीमें भी आग बुझाने में सहयोग कर रही हैं। पुलिस और फायर ब्रिगेड की संयुक्त टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
भीषण आग पर काबू पाने में चुनौती
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा प्लास्टिक गोदाम जलने लगा। प्लास्टिक सामग्री होने के कारण आग और अधिक भड़कती चली गई, जिससे उसे नियंत्रित करना मुश्किल हो रहा है। दमकलकर्मी लगातार प्रयास कर रहे हैं, लेकिन आग पर पूरी तरह काबू पाने में समय लग सकता है।
कारणों का पता नहीं, नुकसान का आकलन बाकी
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन का कहना है कि आग बुझने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा। अधिकारियों ने आसपास के लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।