

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
.jpg&w=3840&q=75)
Mauritius President Dharambir Gokul, who is on a visit to India, visited Lord Venkateswara Swamy in Tirumala
नई दिल्ली। भारत के आधिकारिक दौरे पर आए मॉरीशस के राष्ट्रपति धरमबीर गोखूल ने आंध्र प्रदेश के तिरुमला स्थित विश्वप्रसिद्ध श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। राष्ट्रपति गोखूल ने गुरुवार सुबह मंदिर पहुंचकर भगवान बालाजी के समक्ष विशेष प्रार्थना की और देश-दुनिया में शांति, समृद्धि और सौहार्द की कामना की।
मंदिर प्रशासन की ओर से राष्ट्रपति धरमबीर गोखूल का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया गया। उन्हें वैकुंठ द्वार से मंदिर में प्रवेश कराया गया और वीआईपी दर्शन की सुविधा प्रदान की गई। दर्शन के बाद तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के अधिकारियों ने उन्हें भगवान वेंकटेश्वर की तस्वीर और प्रसाद भेंट किया।
इस अवसर पर राष्ट्रपति गोखूल ने मंदिर की व्यवस्थाओं और आध्यात्मिक वातावरण की सराहना की। उन्होंने कहा कि तिरुमला आकर उन्हें गहन शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव हुआ। भारत और मॉरीशस के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंध अत्यंत मजबूत हैं, और ऐसे धार्मिक स्थलों के दर्शन से यह संबंध और गहरे होते हैं।
राष्ट्रपति गोखूल के साथ मॉरीशस के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य और भारतीय अधिकारी भी मौजूद रहे। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और मंदिर परिसर में प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।
गौरतलब है कि मॉरीशस के राष्ट्रपति धरमबीर गोखूल भारत यात्रा के दौरान कई अहम बैठकों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी हिस्सा ले रहे हैं। उनका यह दौरा भारत-मॉरीशस द्विपक्षीय संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।