

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Abhyudaya Sansthan to celebrate 25 years of inspiring journey, Silver Jubilee Utsav on 10-11 January
रायपुर। मानव चेतना विकास केंद्र अभ्युदय संस्थान अछोटी की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रजत जयंती उत्सव का आयोजन 10 एवं 11 जनवरी को किया गया है। यह आयोजन वर्ष 2000 से 2025 तक संस्थान की उस गौरवशाली यात्रा का उत्सव है, जो मध्यस्थ दर्शन के प्रकाश में मानवीय शिक्षा, चेतना विकास एवं समाज व्यवस्था के निर्माण की दिशा में निरंतर अग्रसर रही है।
मध्यस्थ दर्शन के प्रणेता ए. नागराज के मार्गदर्शन में पं. राजन शर्मा के नेतृत्व में रायपुर और दुर्ग के 11 परिवारों ने मिलकर 17 एकड़ बंजर जमीन खरीदकर अभ्युदय संस्थान की स्थापना वर्ष 2000 में की थी। यह राजधानी से 25 किलोमीटर दुर्ग जिले के कुम्हारी-अहिवारा के बीच अछोटी के पास स्थित है। इस संस्थान का उद्देश्य मानव केंद्रित चिंतन चेतना विकास मूल्य शिक्षा का लोकव्यापीकरण करना था। यहां बीतें 25 वर्षों से जीवन विद्या शिविर का निरंतर आयोजन होते आ रहा है। साथ ही छह महीने का अध्ययन शिविर भी होते हैं, जिसमें परिवार मूलक स्वराज्य व्यवस्था की अवधारणा को व्यवहार में उतारने का सतत प्रयास किया है। रजत जयंती उत्सव के दौरान विमर्श, संवाद, अनुभव-साझाकरण एवं उत्सवात्मक गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।
इसमें 10 जनवरी को सुबह चेतना विकास मूल्य शिक्षा- अध्ययन, अभ्यास, प्रयास और उपलब्धियों पर चर्चा होगी। इसमें अभ्युदय संस्थान की 25 वर्षों की यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। इसके अतिरिक्त संस्थान के मार्गदर्शन में स्थापित छत्तीसगढ़ के 10 जीवन केंद्रों, 6 शिक्षण केंद्रों और अभ्यासरत परिवारों की प्रदर्शनी होगी ।
शाम 4 बजे से अभिभावक विद्यालय के बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। दूसरे दिन 12 जनवरी को सुबह पहले सत्र में मूल्य शिक्षा से मानवीय व्यवस्था में अभ्युदय संस्थान की भूमिका पर चर्चा होगी। 11 बजे जन संवाद होगा, जिसमें परिवारमूलक स्वराज्य व्यवस्था- मध्यस्थ दर्शन के अध्येताओं अपने अनुभव साझा करेंगे। शाम को अभिभावक विद्यालय अछोटी के बच्चों व्दारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी।
इसमें 11 जनवरी को शाम 4 बजे छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, उनकी धर्मपत्नी वीणा सिंह, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह एवं ऐश्वर्या सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी।
इसके अतिरिक्त 11 जनवरी को छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की विशेष उपस्थिति भी कार्यक्रम में रहेगी। यह दो दिवसीय आयोजन अभ्युदय संस्थान परिसर एवं अभिभावक विद्यालय परिसर, अछोटी में प्रतिदिन प्रातः 9.00 बजे से रात्रि 9.00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में शिक्षा, समाज, संस्कृति एवं मानव-विकास से जुड़े प्रबुद्ध नागरिक, शिक्षाविद्, अभिभावक एवं सामाजिक कार्यकर्ता सहभागिता करेंगे।