

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Forest department takes major action in Udanti-Sitanadi Sanctuary, 6 hunters arrested
रायपुर। छत्तीसगढ़ में वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। उदंती–सीतानदी टाइगर रिजर्व (अभ्यारण्य) क्षेत्र में अवैध शिकार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 6 शिकारियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई गरियाबंद जिले के कुल्हाड़ीघाट परिक्षेत्र अंतर्गत ओड़ सर्कल में की गई।
वन मंत्री के निर्देशों के बाद तेज हुई कार्रवाई
राज्य के वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा, संरक्षण और संवर्धन को लेकर लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। वन मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इन्हीं निर्देशों के पालन में प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में एंटी स्नेयर वॉक अभियान चलाया जा रहा है।
ओडिशा और स्थानीय गांवों के आरोपी गिरफ्तार
वन विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान ग्राम सुनाबेड़ा (ओडिशा) के 2 और ग्राम ओड़ के 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी अभ्यारण्य क्षेत्र में अवैध शिकार की गतिविधियों में शामिल थे।
शिकार सामग्री बरामद
गिरफ्तार शिकारियों के पास से खरगोश पकड़ने के फंदे, तीर-कमान और मछली पकड़ने के जाल जैसी शिकार सामग्री बरामद की गई है। आरोपियों के खिलाफ दो अलग-अलग मामलों में प्रारंभिक अपराध रिपोर्ट (पीओआर) दर्ज कर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
न्यायालय में पेश
गिरफ्तार किए गए सभी 6 आरोपियों को 07 जनवरी 2026 को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, गरियाबंद के समक्ष पेश किया गया।
तकनीक और गश्त से बढ़ी चौकसी
वन विभाग द्वारा अवैध शिकार पर रोक लगाने के लिए कठोर गश्त, वनकर्मियों की तैनाती, ड्रोन, ट्रैप कैमरे, आधुनिक तकनीक के साथ-साथ स्थानीय समुदायों को जोड़कर निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। पिकनिक या अन्य गतिविधियों की आड़ में होने वाले शिकार पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।
वन्यजीव सुरक्षा की दिशा में अहम कदम
वन विभाग की यह कार्रवाई शिकारियों के हौसले पस्त करने और वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे अभियानों को और अधिक सशक्त बनाकर जंगलों और वन्यप्राणियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।