

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Modi and Shah to enter the fray for the 2027 UP elections starting next month; the support of YouTubers and influencers will also be enlisted in every district.
अगले साल के शुरुआत में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पार्टियां कमर कस चुकी हैं और अपनी रणनीति बनाने में जुटी हुई हैं। इस बीच बीजेपी दिसंबर से अपना चुनावी अभियान तेज करने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी चुनावी अखाड़े में उतरने जा रहे हैं। शीर्ष नेताओं के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, जो अगले महीने से यूपी का सघन दौरा करेंगे।
इस चुनाव के लिए बूथ सम्मेलनों के माध्यम से कार्यकर्ताओं से संपर्क साधा जाएगा और शक्ति केंद्रों के सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। गृह मंत्री अमित शाह इन सम्मेलनों को संबोधित करेंगे। साथ ही उत्तर प्रदेश के सभी छह क्षेत्रों में जन आशीर्वाद यात्रा निकाली जाएगी। अगले महीने से शुरू होने वाली इन यात्राओं की कमान राज्य के वरिष्ठ नेताओं को संभालने के लिए दी जाएगी। सभी यात्राओं का समापन लखनऊ में एक विशाल रैली के रूप में होगा, जिसे पीएम मोदी संबोधित कर सकते हैं। इसके अलावा राज्य सरकार के सभी मंत्रियों को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी दी गई, वे हर जिले में बीजेपी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। कार्यकर्ता सर्वोपरि के संकल्प के साथ आगे बढ़ा जाएगा और मुलाकात में इन कार्यकर्ताओं से संगठन व सरकार के बारे में फीडबैक लिया जाएगा। इस फीडबैक के आधार पर टिकट बंटवारा किया जाएगा।
इस चुनाव में दिलचस्प बात ये है, कि हर जिले में यूट्यूबर और सोशल मीडिया के अन्य प्लेटफॉर्म के इंफ्लुएंसर्स की पहचान की जाएगी। इसके बाद पार्टी अपनी उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए इन इंफ्लुएंसर्स की मदद लेगी।
दरअसल, सत्तारूढ़ बीजेपी ने यूपी चुनाव के लिए अपना शुरुआती रोडमैप तैयार कर लिया है। मथुरा में सोमवार को शुरू हुई पार्टी की दो दिवसीय रणनीतिक बैठक में चुनावी तैयारियों और प्रचार अभियान को लेकर मंथन हुआ है। इस बैठक में प्रदेश बीजेपी के 54 प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए। पार्टी का फोकस अब संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर है।
आपको बता दें, कि 2027 में यूपी में बीजेपी के सामने लगातार तीसरी बार सत्ता पर काबिज होने की चुनौती होगी। 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में उसका प्रदर्शन फीका रहा था। ऐसे में पार्टी का फोकस अब उन खास इलाकों और सीटों पर है, जहां उसे पिछले चुनावों में नुकसान झेलना पड़ा था। बीजेपी की रणनीति साफ है। एक तरफ मोदी और शाह जैसे बड़े नेताओं के जरिए चुनावी माहौल तैयार करने की प्लानिंग हो रही है, वहीं दूसरी तरफ सीएम योगी आदित्यनाथ और संगठन के नेता बूथ स्तर तक पार्टी की पकड़ मजबूत करने में जुटे हुए हैं।