

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
.jpg&w=3840&q=75)
Modi government completes 12 years, BJP launches major public relations campaign, door-to-door contact begins on June 5
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ भाजपा ने एक व्यापक जनसंपर्क अभियान की तैयारी शुरू कर दी है। यह विशेष अभियान 5 जून से शुरू होकर 21 जून तक चलेगा, जिसमें पार्टी का लक्ष्य प्रदेश के हर घर तक पहुंच बनाना है।
घर-घर पहुंचेगी भाजपा, लाभार्थियों से सीधा संवाद
इस अभियान के दौरान भाजपा के सांसद, विधायक, मोर्चा पदाधिकारी और वरिष्ठ कार्यकर्ता सीधे जनता के बीच जाकर केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे। पार्टी प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना और जनजातीय क्षेत्रों के लिए चलाई जा रही पीएम जन-मन तथा धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना जैसे कार्यक्रमों के लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित करेगी।
भाजपा का दावा है कि इन योजनाओं ने छत्तीसगढ़ में लाखों गरीब परिवारों को पक्के घर, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और विकास की मुख्यधारा से जोड़ा है।
10 दिवसीय कार्यक्रमों की बड़ी रूपरेखा, चौपाल से योग दिवस तक
भाजपा ने पूरे अभियान के लिए विस्तृत शेड्यूल तैयार किया है, जिसमें गांव से लेकर राजधानी तक कई स्तरों पर कार्यक्रम होंगे। 5 जून को अभियान की औपचारिक शुरुआत की जाएगी। 10 जून को सभी जिला मुख्यालयों में प्रेस वार्ता, विकास प्रदर्शनी और प्रोफेशनल मीट आयोजित होगी। 12 से 14 जून तक मंडल स्तर पर संकल्प सभाएं होंगी। 15 से 17 जून के बीच ग्राम, वार्ड और बूथ स्तर पर चौपालों का आयोजन किया जाएगा। 17 से 20 जून तक अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी को लेकर कार्यक्रम होंगे। 21 जून को पूरे प्रदेश में योग दिवस बड़े स्तर पर मनाया जाएगा।
पर्यावरण और राष्ट्रवाद पर भी फोकस
भाजपा ने इस अभियान में पर्यावरण संरक्षण को भी प्रमुख एजेंडा बनाया है। 5 जून से 15 अगस्त तक पूरे राज्य में वृक्षारोपण, जल संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल पर विशेष जोर रहेगा।
इसके अलावा 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि को बूथ स्तर पर बलिदान दिवस के रूप में मनाया जाएगा। वहीं 25 जून को आपातकाल की बरसी पर जिला स्तर पर सेमिनार और लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान किया जाएगा।
जनसंपर्क से जनसमर्थन तक पहुंचने की रणनीति
भाजपा का यह अभियान केवल प्रचार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे जनसंपर्क के माध्यम से जनसमर्थन बढ़ाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी का फोकस केंद्र सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने पर है।