

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Monsoon becomes active again in Chhattisgarh: Flood-like situation in Bilaspur due to 28 cm of rainfall; heavy rain alert issued for several districts, including Raipur.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है। राजधानी रायपुर में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही, जबकि बिलासपुर में 28 सेंटीमीटर बारिश दर्ज होने से बाढ़ जैसे हालात बन गए। कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं और घरों में पानी घुस गया।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 28 सेंटीमीटर वर्षा बिलासपुर में रिकॉर्ड की गई। भारी बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई और जनजीवन प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान है।
राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में शनिवार को भी आसमान में घने बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून द्रोणिका अमृतसर, चंडीगढ़, शाहजहांपुर, बस्ती, पटना और निम्न दबाव क्षेत्र से होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक विस्तारित है। वहीं उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ भी मौसम को प्रभावित कर रहा है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां तेज बनी हुई हैं।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए रायपुर, बलौदाबाजार, बेमेतरा, दुर्ग, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जांजगीर-चांपा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोरबा, महासमुंद और सक्ती जिलों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।