

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Congress's no-confidence motion defeated; OP Choudhary says, 'Congress has become devoid of ideas and study.'
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में कांग्रेस द्वारा राज्य सरकार के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव बहुमत के अभाव में गिर गया। इसके बाद वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष पूरी तरह विचार और अध्ययन से शून्य हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने तथ्यों के साथ जवाब देकर कांग्रेस को राजनीतिक रूप से बेनकाब कर दिया।
विधानसभा परिसर में मीडिया से चर्चा करते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि कांग्रेस सरकार को आईना दिखाने आई थी, लेकिन बहस के दौरान खुद ही बेनकाब हो गई। उन्होंने कहा कि राजनीतिक नैतिकता के मामले में कांग्रेस पूरी तरह विफल साबित हुई है और अविश्वास प्रस्ताव के जरिए उसकी तैयारी की भी पोल खुल गई।
ओपी चौधरी ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में महिलाओं से किए गए वादे पूरे नहीं किए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पांच वर्षों में महिलाओं को पांच रुपये तक नहीं दिए, जबकि वर्तमान सरकार महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस 18 लाख पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं दिला सकी, लेकिन अब उसी मुद्दे पर सरकार से सवाल पूछ रही है।
वित्त मंत्री ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विधानसभा में दिए गए जवाब की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सरलता और सौम्यता उनकी पहचान है, लेकिन राजनीतिक मुद्दों पर उनका जवाब बेहद प्रभावी रहा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के तर्कों के सामने कांग्रेस पूरी तरह निरुत्तर नजर आई।
ओपी चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने सरकार को तानाशाही तरीके से चलाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के भीतर सत्ता संघर्ष की कीमत प्रदेश की जनता ने चुकाई। साथ ही कहा कि कांग्रेस को लंबे समय तक शासन करने के बावजूद आदिवासी समाज को राष्ट्रपति बनाने का अवसर नहीं मिला, जबकि भाजपा ने यह ऐतिहासिक कार्य किया।
वित्त मंत्री ने दावा किया कि कांग्रेस पहले ही राजनीतिक मुकाबले में काफी पीछे रह चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के कामकाज पर भरोसा जता रही है और कांग्रेस को अब लंबे समय तक विपक्ष में ही बैठना पड़ेगा।