

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Monsoon fury in Chhattisgarh: Torrential rain in Raipur and several other districts; heavy rainfall expected over the next two days as well.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले एक सप्ताह से सक्रिय मानसून ने पूरे प्रदेश में जमकर कहर बरपाया है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। बुधवार को रायपुर में आषाढ़ के महीने में ही सावन जैसी झड़ी देखने को मिली। राजधानी सहित प्रदेश के करीब 30 स्थानों पर भारी से अति-भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, जुलाई महीने में यह दूसरा मजबूत मानसूनी सिस्टम सक्रिय हुआ है। इसका प्रभाव पिछले एक सप्ताह से पूरे प्रदेश में देखने को मिल रहा है। बस्तर और सरगुजा संभाग के कुछ हिस्सों को छोड़कर अधिकांश जिलों में लगातार तेज बारिश हो रही है, जिससे कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है।
मौसम विभाग ने गुरुवार को कोरबा, बलरामपुर, सूरजपुर, कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और जशपुर जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
पिछले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में जोरदार बारिश रिकॉर्ड की गई।
सूरजपुर: 190 मिमी
अंबिकापुर: 100 मिमी
रायपुर: 80 मिमी
रायगढ़: 70 मिमी
डोंगरगांव: 70 मिमी
बलौदाबाजार: 70 मिमी
राजनांदगांव: 70 मिमी
माना: 70 मिमी
इस मानसून सीजन में अब तक सबसे अधिक बारिश सारंगढ़ जिले में दर्ज की गई है। यहां 613 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई, जो सामान्य से 373 प्रतिशत अधिक है।
अन्य जिलों में भी सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है,
जांजगीर: 574 मिमी
मुंगेली: 525 मिमी
बिलासपुर: 492 मिमी
वहीं, रायपुर में अब तक 150 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य श्रेणी में मानी जा रही है।
हालांकि प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई है, लेकिन राज्य के कुल 11 जिलों में अब भी वर्षा का आंकड़ा सामान्य से कम बना हुआ है। पूरे प्रदेश में अब तक औसतन 381 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 17 प्रतिशत कम है।
कम बारिश वाले प्रमुख जिले,
कांकेर: 257 मिमी (50% कम)
सरगुजा: 249.9 मिमी (49% कम)
कोंडागांव: 279 मिमी
मोहला-मानपुर: 265 मिमी
अगले 48 घंटे अहम
मौसम विभाग का कहना है कि सक्रिय मानसूनी सिस्टम के प्रभाव से अगले 48 घंटे तक कई जिलों में भारी से अति-भारी बारिश हो सकती है। निचले इलाकों में जलभराव, नदी-नालों के उफान और यातायात प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।