Nagpur violence mastermind Faheem Shamim Khan arrested, had contested against Nitin Gadkari in Lok Sabha elections
नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में हुई हिंसा के सिलसिले में पुलिस ने फहीम खान को गिरफ़्तार किया है। अधिकारियों ने फहीम की पहचान घटना के पीछे के मास्टरमाइंड के रूप में की है, उस पर लोगों को भड़काने और भीड़ इकट्ठा करने का आरोप है। वह 21 मार्च तक पुलिस हिरासत में रहेगा।
पुलिस ने इस मामले में कई एफआईआर दर्ज की हैं। एक एफआईआर में कहा गया है कि भीड़ ने अंधेरे का फायदा उठाकर एक महिला पुलिस अधिकारी को गलत तरीके से छुआ और उसकी वर्दी फाड़ने की कोशिश की। भीड़ ने अन्य महिला पुलिस अधिकारियों के साथ गाली-गलौज भी की और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। इसके अलावा, दंगाइयों ने महिला अधिकारियों की ओर भद्दे इशारे भी किए।
फहीम शमीम खान नागपुर के यशोधरा नगर के संजय बाग कॉलोनी में रहते हैं। वे माइनॉरिटी डेमोक्रेटिक पार्टी (एमडीपी) के शहर अध्यक्ष हैं। 2024 में उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन बाद में उनकी जमानत जब्त हो गई थी। फहीम का नाम भी एफआईआर में शामिल है। एफआईआर के अनुसार, उन्होंने घटना से पहले लोगों की भीड़ इकट्ठा की और भड़काऊ भाषण दिया, जिससे हिंसा भड़क गई।
बीते सोमवार 17 मार्च को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने औरंगजेब की कब्र को हटाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस घटना के बाद अफ़वाह फैली कि प्रदर्शनकारियों ने मुस्लिम समुदाय से संबंधित एक धार्मिक ग्रंथ को जला दिया है, जिसके बाद रात में हिंसा भड़क उठी। वहीं इस हिंसा के दौरान, दंगाई भीड़ ने पुलिस अधिकारियों सहित कई लोगों पर हथियारों से हमला किया। उन्होंने पत्थरबाजी की, कई दुकानों में तोड़फोड़ की और एक दर्जन वाहनों को आग के हवाले कर दिया। अपराधियों ने एक पुलिस उपायुक्त पर कुल्हाड़ी से हमला भी किया। इस हिंसा के परिणामस्वरूप, तीन पुलिस उपायुक्तों सहित 33 पुलिसकर्मी घायल हो गए, साथ ही कई अन्य लोग भी घायल हुए। अब पुलिस ने इस मामले में तीन थानों में छह एफआईआर दर्ज की हैं। साथ ही 51 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
अन्य समाचार
Copyright © 2025 rights reserved by Inkquest Media