Copyright © 2025 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
Narayanpur Villagers lost their lives due to bad road condition tractor trolley overturned out of control 3 killed and 12 injured
नारायणपुर जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां सड़क के गड्ढों से अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से 3 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 12 घायल हैं। घायलों में 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों में एक महिला और 2 पुरुष है।
जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर ट्रॉली में कुल 16 ग्रामीण सवार थे, जो सरकारी राशन दुकान से चावल लेकर अपने गांव लौट रहे थे। घटना बुधवार की देर रात की बताई जा रही है।
दरअसल, कोडोली ग्राम पंचायत के इरपानार के 16 ग्रामीण ओरछा राशन लेने गए थे। राशन लेकर लौटते ग्रामीणों को देर रात हो गई। इसी बीच मढ़ोनार के पास ट्रैक्टर अनकंट्रोल होकर पलट गया।
हादसे में ट्रॉली में सवार ग्रामीण उछलकर काफी दूर जा गिरे। वहीं इस हादसे में एक महिला और एक पुरुष ट्रॉली के नीचे दब गए। जिससे उनकी मौत हो गई।
इस हादसे में मृतकों के अलावा अन्य 12 ग्रामीण घायल हो गए। इनमें 5 महिला, 6 पुरुष और 1 बच्ची शामिल है। हादसे के बाद इस मामले की जानकारी पुलिस को मिली। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद ट्रॉली के नीचे दबे 3 ग्रामीणों को बाहर निकाला गया। जिसके बाद इनके शव समेत अन्य 12 ग्रामीणों को छोटे डोंगर के अस्पताल लाया गया। जहां सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया।
इनमें जिन दो ग्रामीणों की स्थिति नाजुक है उन दोनों को छोटेडोंगर से नारायणपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जहां उनका इलाज जारी है। हालांकि सभी घायल और मृतकों के नाम की जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।
इलाका अंदरूनी और नक्सल प्रभावित है। यहां ओरछा से इरपानार सड़क काफी बदहाल है। ट्रैक्टर की रफ्तार और गड्ढों की वजह से ट्रैक्टर अनियंत्रित हुआ और पलट गया। इस इलाके में पहले भी हादसे हो चुके हैं। जिससे कुछ ग्रामीणों की भी मौत हुई है।