

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

ghaziabad-youtuber-salim-vastik-attack-second-accused-gulfam
गाजियाबाद। होली से ठीक पहले इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमले का दूसरा आरोपी गुलफाम भी ढेर हो गया। यह एनकाउंटर गाजियाबाद पुलिस की स्वाट टीम ने एडिशनल डीसीपी क्राइम पीयूष सिंह के नेतृत्व में किया। इससे पहले मुख्य आरोपी जीशान को भी पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया था। 48 घंटे के भीतर दोनों सगे भाइयों के मारे जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के मुताबिक 27 फरवरी की सुबह लोनी में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर दो हमलावरों ने धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया था। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। मामले में सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ ने मुख्य आरोपी जीशान पुत्र बुनियाद अली, निवासी सैदनगली, जिला अमरोहा पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। बाद में गुलफाम पर भी एक लाख का इनाम घोषित किया गया।
एक मार्च की रात गाजियाबाद में एडिशनल डीसीपी क्राइम पीयूष सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने जीशान को एनकाउंटर में मार गिराया। ठीक 48 घंटे बाद तीन मार्च को उसका बड़ा भाई गुलफाम भी पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गया। दोनों सगे भाई सलीम वास्तिक हमले के आरोपी बताए जा रहे थे।
मंगलवार रात इंदिरापुरम के वसुंधरा की ओर बाइक से भाग रहे दो संदिग्धों को स्वाट टीम ने रोकने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, रुकने के बजाय एक बदमाश ने पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद दोनों बदमाश बाइक छोड़कर पैदल भागने लगे।
पुलिस और बदमाशों के बीच 20 से अधिक राउंड फायरिंग हुई। इस दौरान एक सिपाही को भी गोली लगी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हुआ, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उसकी पहचान गुलफाम पुत्र बुनियाद अली निवासी सैदनगली, जिला अमरोहा के रूप में हुई। दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
मौके से गुलफाम के पास से एक आधार कार्ड, एक चाकू, एक तमंचा, एक पिस्टल और कुछ कारतूस बरामद किए गए हैं। घटनास्थल से मिली बाइक की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। 48 घंटे में दो बड़े आरोपियों के मारे जाने के बाद इस सनसनीखेज हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।