

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather: Nautapa wreaks havoc, mercury crosses 45 degrees in 5 cities of Chhattisgarh, moisture from the Bay of Bengal will change the weather.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौतपा की शुरुआत भीषण गर्मी के साथ हुई। सोमवार को प्रदेश के कई शहरों में तेज गर्म हवाओं और लू ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, मुंगेली और राजनांदगांव समेत 10 शहरों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 46.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर में पहली बार 45 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
इस सीजन में पहली बार राजधानी रायपुर का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। रायपुर में अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि माना एयरपोर्ट क्षेत्र में पारा 45.7 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने आज भी राजधानी में तापमान लगभग इसी स्तर पर रहने की संभावना जताई है।
इन शहरों में दर्ज हुआ सबसे ज्यादा तापमान
राजनांदगांव – 46.5°C
माना (रायपुर) – 45.7°C
मुंगेली – 45.4°C
दुर्ग – 45.2°C
रायपुर – 45.1°C
बिलासपुर – 45.1°C
इसके अलावा सक्ती में 44.9°C, बेमेतरा में 44.8°C, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम में 44.4°C तापमान दर्ज किया गया।
तीन दिन बाद मिल सकती है राहत
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।
हल्की बारिश और गरज-चमक के आसार
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के मुताबिक दक्षिण बिहार और आसपास के क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण बना हुआ है। वहीं दक्षिण बिहार से उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश तक द्रोणिका सक्रिय है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश, गरज-चमक और छींटे पड़ने की संभावना है।
कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने बिलासपुर, रायगढ़, सक्ती, कोरबा, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, रायपुर, दुर्ग, महासमुंद, राजनांदगांव, बस्तर और कांकेर समेत कई जिलों में लू चलने की आशंका जताई है। इन क्षेत्रों के लिए अगले 48 घंटों का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। तेज धूप और गर्म हवाओं को देखते हुए लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।