

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Naxal dump busted in Dantewada; weapons and explosives, including AK-47s and INSAS rifles, recovered.
दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में चलाए जा रहे एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। बारसूर थाना क्षेत्र के कोहकाबेड़ा-बुरदूम के बीच जंगल और पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान जवानों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डंप बरामद किया है। डंप से AK-47, INSAS राइफल, BGL लॉन्चर, भरमार बंदूकें, बड़ी संख्या में गोलियां, कुकर बम, टिफिन बम और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिले इनपुट के आधार पर बारसूर थाना क्षेत्र के मंगनार, बुरदूम, तोड़मा और कोहकाबेड़ा के जंगल-पहाड़ी इलाकों में सर्चिंग अभियान शुरू किया गया था। जिला बल, DRG, बस्तर फाइटर्स और CRPF की संयुक्त टीम 5 अक्टूबर से इलाके में एरिया डोमिनेशन कर रही थी।
इसी दौरान 6 अक्टूबर की सुबह करीब 6:30 बजे सुरक्षा बलों को जंगल में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डंप मिला। टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके की सावधानीपूर्वक तलाशी ली।
एसपी चंद्रमोहन सिंह के मुताबिक, नक्सली डंप से एक AK-47 राइफल, मैगजीन और 23 राउंड गोलियां बरामद की गई हैं। इसके अलावा एक INSAS राइफल और उसकी मैगजीन भी मिली है।

सुरक्षा बलों को मौके से 6 भरमार बंदूकें और एक BGL लॉन्चर भी मिला है। डंप से BGL के 9 शेल और 5 अन्य BGL राउंड बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 315 बोर के 138 राउंड भी सुरक्षा बलों के हाथ लगे हैं।
सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी मिली। नक्सली डंप से 8 कुकर बम और 4 टिफिन बम बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही करीब 20 मीटर कॉडेक्स वायर और पिस्टन रॉड स्प्रिंग के 24 नग भी मिले हैं।
सुरक्षा बलों ने बरामद विस्फोटक सामग्री को सुरक्षा मानकों के मुताबिक अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हथियार और विस्फोटकों के अलावा डंप से वॉकी-टॉकी सेट, तीर बम, दो इन्वर्टर, एक मल्टीमीटर और नक्सली वर्दी के दो जोड़ी भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अब बरामद सामग्री की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इसका इस्तेमाल नक्सलियों द्वारा किस उद्देश्य से किया जाना था।

एसपी चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि मंगनार, बुरदूम, तोड़मा और कोहकाबेड़ा के पहाड़ी इलाकों में इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर एंटी नक्सल ऑपरेशन चलाया गया था। डंप की सटीक सूचना मिलने के बाद CRPF और DRG की संयुक्त टीम ने सर्चिंग तेज की, जिसके बाद यह बड़ी बरामदगी सामने आई।
उन्होंने इस सफलता का श्रेय DRG और CRPF के जवानों की मेहनत के साथ मजबूत इंटेलिजेंस और इंफॉर्मेशन गैदरिंग नेटवर्क को दिया है।
पुलिस के अनुसार, सुरक्षा बलों को दूसरे इलाकों में भी नक्सली डंप से संबंधित इनपुट मिल रहे हैं। इन सूचनाओं का सत्यापन किया जा रहा है। फिलहाल बरामद नक्सली सामग्री को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन ऑपरेशन तेज कर दिया है।