

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Naxalite group suffers major setback in Sukma; 4 Naxalites carrying a bounty of Rs 8 lakh surrender
सुकमा। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई और पुनर्वास नीति का असर लगातार दिख रहा है। इसी कड़ी में सुकमा जिला मुख्यालय में शुक्रवार को 8 लाख रुपये के इनामी चार नक्सलियों ने हथियारों सहित पुलिस अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। सरेंडर करने वालों में एसीएम (एरिया कमेटी मेंबर) रैंक का नक्सली भी शामिल है, जबकि दो महिला नक्सली भी इस दल का हिस्सा हैं।
हथियार और गोला-बारूद किया जमा
आत्मसमर्पण के दौरान नक्सलियों ने SLR, INSAS, .303 और .315 रायफल सहित बड़ी मात्रा में एम्युनेशन जमा किया। बताया गया है कि ये सभी नक्सली गोलापल्ली, कोंटा और किस्टाराम क्षेत्रों में सक्रिय थे और विभिन्न नक्सली गतिविधियों में शामिल रहे हैं।
संयुक्त प्रयासों का परिणाम
यह आत्मसमर्पण सुकमा पुलिस और आंध्र प्रदेश की अल्लूरी सीताराम राजू जिला पुलिस के संयुक्त प्रयासों का प्रत्यक्ष परिणाम माना जा रहा है। दोनों राज्यों की पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे समन्वित अभियानों और दबाव के चलते नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़ने का फैसला किया।
‘पूना मारगेम- पुनर्वास से पुनर्जीवन’ अभियान का असर
यह कार्रवाई राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान “पूना मारगेम- पुनर्वास से पुनर्जीवन” के तहत हुई है, जिसका उद्देश्य भटके हुए नक्सलियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें सम्मानजनक जीवन प्रदान करना है।
अन्य नक्सलियों से भी अपील
पुलिस और प्रशासन ने इस मौके पर अन्य नक्सलियों से भी अपील की है कि वे हथियार डालकर आत्मसमर्पण करें और सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाते हुए सामान्य और सुरक्षित जीवन की ओर लौटें।