

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

New EPFO rule: UAN can now be activated only via the UMANG app.
नई दिल्ली। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ईपीएफओ ने अपने यूनिफाइड पोर्टल को अपग्रेड करने के बाद यूएएन से जुड़ी प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। अब यूनिवर्सल अकाउंट नंबर यानी यूएएन को सक्रिय करने के लिए केवल उमंग ऐप का उपयोग करना होगा। यही नहीं, नए यूएएन भी अब इसी ऐप के जरिए बनाए जाएंगे। इस बदलाव का उद्देश्य पूरी प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित, तेज और डिजिटल बनाना है।
ईपीएफओ की नई व्यवस्था के तहत यूएएन सक्रिय करने के लिए सबसे पहले मोबाइल में गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर से उमंग ऐप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद ऐप में ईपीएफओ सेवाएं खोलकर यूएएन एक्टिवेशन विकल्प चुनें। फिर आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया पूरी करें। सभी निर्देशों का पालन करने के बाद यूएएन सफलतापूर्वक एक्टिव हो जाएगा।
यूनिफाइड पोर्टल के अपग्रेड के साथ उसका इंटरफेस भी पूरी तरह नया बनाया गया है। ईपीएफओ का कहना है कि नए सिस्टम से ऑनलाइन सेवाएं पहले की तुलना में अधिक तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद होंगी। सदस्य और नियोक्ता दोनों के लिए सुविधाओं को आसान बनाने पर जोर दिया गया है। शुरुआती दिनों में दावों और अन्य सेवाओं की जांच अतिरिक्त सत्यापन के साथ चरणबद्ध तरीके से की जाएगी ताकि किसी तरह की तकनीकी परेशानी न हो।
उमंग यानी यूनिफाइड मोबाइल एप्लिकेशन फॉर न्यू एज गवर्नेंस भारत सरकार का डिजिटल सेवा मंच है। इसे इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस प्रभाग ने विकसित किया है। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से केंद्र, राज्य और स्थानीय निकायों की 1700 से अधिक सरकारी सेवाओं का लाभ एक ही जगह पर लिया जा सकता है। यह ऐप करीब 22 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है और आधार आधारित सत्यापन व एन्क्रिप्टेड तकनीक के जरिए उपयोगकर्ताओं का डेटा सुरक्षित रखता है।
ईपीएफओ ने सदस्यों की सहायता के लिए हेल्पडेस्क नंबर 14470 भी उपलब्ध कराया है। यूएएन एक्टिवेशन या अन्य ईपीएफ सेवाओं से जुड़ी किसी भी समस्या की स्थिति में सदस्य इस हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकते हैं।