

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Ram Mandir Donation Issue: Counting of donation money to now take place in a single shift; security arrangements tightened.
अयोध्या। राम मंदिर के चढावे से जुडे चोरी प्रकरण के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने दान राशि की गणना व्यवस्था में अहम बदलाव किया है। अब दानपात्रों से निकली राशि की गिनती दो पालियों के बजाय केवल एक शिफ्ट में की जाएगी। नई व्यवस्था के तहत सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक लगातार गणना होगी।
ट्रस्ट का कहना है कि नई प्रणाली का उद्देश्य पूरी प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाना है। इसके लिए निगरानी व्यवस्था भी मजबूत की गई है। जहां पहले सीसीटीवी कैमरे नहीं थे, वहां अतिरिक्त कैमरे लगाए गए हैं ताकि गिनती की पूरी प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी जा सके और भविष्य में किसी भी तरह की अनियमितता की आशंका समाप्त हो।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद गणना कार्य में लगे कर्मचारियों की संख्या कम कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, पहले दो पालियों में करीब 40 कर्मचारी तैनात रहते थे, जबकि अब एक शिफ्ट में 12 से 14 कर्मचारियों के जरिए पूरा काम किया जा रहा है। इससे बैंक को कम मानव संसाधन में काम पूरा करने में सुविधा होगी।
सूत्रों के मुताबिक, नई व्यवस्था से सभी गणनाकर्मी संतुष्ट नहीं हैं। बताया जा रहा है कि लगभग 20 कर्मचारियों ने काम छोड दिया है। हालांकि बैंक की ओर से इस संबंध में किसी तरह की गडबडी या अव्यवस्था की बात से इनकार किया गया है।
राम मंदिर चढावा चोरी प्रकरण से जुडी विभिन्न याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट सोमवार को सुनवाई करेगा। मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष मामले की स्वतंत्र जांच और सीबीआई जांच की मांग से जुडी याचिकाओं पर विचार किया जाएगा। कुछ याचिकाओं में राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के वित्तीय मामलों के ऑडिट की मांग भी उठाई गई है।
इस बीच मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने राम जन्मभूमि परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और विभिन्न निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय से भी उनकी मुलाकात हुई, जिसमें मंदिर से जुडे विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।