

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

New momentum for development in Raigarh
रायगढ़। रायगढ़ शहर में नागरिक सुविधाओं और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने शुक्रवार को नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में कुल 41 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य रायगढ़ को आधुनिक, सुविधायुक्त और व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करना है, ताकि विकास का सीधा लाभ आम नागरिकों तक पहुंचे।

वित्त मंत्री ने वार्ड क्रमांक 28 पंजरी प्लांट में 33 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन और शासकीय स्कूल की बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। वहीं वार्ड क्रमांक 9 नवागढ़ी में 8 लाख रुपये की लागत से बने शेड का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से स्थानीय लोगों को सामुदायिक गतिविधियों, शिक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए बेहतर अधोसंरचना मिलेगी।
समग्र विकास पर सरकार का फोकस
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ के समग्र विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास केवल बड़े निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसी सुविधाएं विकसित करना भी उद्देश्य है, जिनसे लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए।
10 ऑक्सीजोन और ओपन जिम की घोषणा
वित्त मंत्री ने घोषणा की कि आने वाले वर्षों में रायगढ़ शहर में 10 ऑक्सीजोन विकसित किए जाएंगे। इससे शहर में हरित क्षेत्र बढ़ेगा और लोगों को स्वच्छ वातावरण मिलेगा। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
पंजरी प्लांट क्षेत्र में उपभोक्ता फोरम के पास ऑक्सीजोन और ओपन जिम विकसित करने की भी घोषणा की गई। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्रवासियों को हरित वातावरण के साथ व्यायाम की बेहतर सुविधा मिलेगी।
600 करोड़ की रिंग रोड परियोजना
ओपी चौधरी ने बताया कि शहर में बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए करीब 600 करोड़ रुपये की लागत से रिंग रोड परियोजना पर काम किया जा रहा है। इसके बनने से शहर का ट्रैफिक सुगम होगा और भविष्य के शहरी विकास को भी नई गति मिलेगी।
शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा विस्तार
उन्होंने बताया कि रायगढ़ में नालंदा परिसर का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। इसके अलावा नर्सिंग कॉलेज और फिजियोथेरेपी कॉलेज की स्थापना की दिशा में भी कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में संस्थागत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, ताकि लोगों को बेहतर सेवाओं के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर न रहना पड़े।
'एक पेड़ मां के नाम' अभियान में किया पौधारोपण
कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण किया और लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हरित रायगढ़ के निर्माण में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, सुरेश गोयल, पावन अग्रवाल, आशीष ताम्रकार, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।