

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

New name in the race for PCC President; Umesh Patel's support intensifies political activity.
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष के चयन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होती जा रही हैं। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के बाद अब खरसिया विधायक उमेश पटेल को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की मांग भी खुलकर सामने आने लगी है। इस बीच संगठन ने सार्वजनिक रूप से चलाए जा रहे समर्थन अभियान पर सख्त रुख अपनाया है।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ के पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरुण मालाकार ने उमेश पटेल को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की मांग उठाई। इसके बाद इंटरनेट मीडिया पर उनके समर्थन में पोस्टर और संदेश प्रसारित होने लगे, जिससे संगठन के भीतर नई चर्चा शुरू हो गई।
कांग्रेस संगठन ने इस अभियान को अनुशासन के विपरीत मानते हुए अरुण मालाकार से तीन दिन के भीतर लिखित जवाब मांगा है। संगठन का कहना है कि सार्वजनिक मंचों और इंटरनेट मीडिया के जरिए किसी नेता के पक्ष में माहौल बनाना पार्टी की तय प्रक्रिया के अनुरूप नहीं है।
कुछ दिन पहले पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर भी समर्थकों ने इंटरनेट मीडिया पर अभियान चलाया था। अब उमेश पटेल के समर्थन में आवाज उठने के बाद प्रदेश कांग्रेस की सियासत और गर्म हो गई है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का कार्यकाल पूरा होने के बाद नए अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर कई नाम चर्चा में हैं। राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व जल्द ही इस संबंध में फैसला ले सकता है।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार कांग्रेस नेतृत्व यह स्पष्ट संदेश देना चाहता है कि संगठनात्मक नियुक्तियां तय प्रक्रिया के तहत ही होंगी। किसी भी पद को लेकर सार्वजनिक अभियान या दबाव की राजनीति को प्रोत्साहित नहीं किया जाएगा। ऐसे संकेतों के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर चर्चाएं लगातार तेज बनी हुई हैं।