

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

New rules implemented for MG Road Chowpatty; stalls cannot be set up before 9 PM.
रायपुर। एमजी रोड पर लगने वाली रात्रिकालीन चौपाटियों के संचालन को लेकर प्रशासन ने नए नियम तय कर दिए हैं। अब चौपाटियां रात 9 बजे से पहले नहीं लग सकेंगी। इनके संचालन का समय रात 9 बजे से 1 बजे तक निर्धारित किया गया है। खास बात यह है कि स्थायी दुकानों के शटर बंद होने के बाद ही उनके सामने चौपाटियां लगाई जा सकेंगी। नियमों का लगातार उल्लंघन करने वाले वेंडर्स की चौपाटियां स्थायी रूप से बंद की जा सकती हैं।
सोमवार को यातायात सभागार में ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा की अध्यक्षता में पुलिस, नगर निगम, व्यापारी संघ और चौपाटी संचालकों की बैठक हुई। बैठक में यातायात व्यवस्था, पार्किंग और साफ-सफाई को लेकर कई अहम फैसले लिए गए।
सड़क पर कुर्सी-टेबल लगाने पर रोक, पार्किंग की जिम्मेदारी वेंडर्स की
नए नियमों के मुताबिक, चौपाटी संचालक सड़क और फुटपाथ पर ग्राहकों के बैठने के लिए कुर्सी-टेबल नहीं लगा सकेंगे। ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी संचालकों को ही करनी होगी, ताकि मुख्य सड़क पर जाम की स्थिति न बने।
इसके अलावा गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा। चौपाटी बंद होने के बाद सफाई की जिम्मेदारी भी दुकानदारों की होगी। किसी स्थायी दुकानदार पर दुकान बंद करने का दबाव बनाने या विवाद करने पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस और निगम की संयुक्त टीम रखेगी नजर
अव्यवस्थित पार्किंग, गंदगी और अतिक्रमण की शिकायतों पर यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त निगरानी टीम कार्रवाई करेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाली चौपाटियों को स्थायी रूप से बंद किया जा सकता है।
30 से बढ़कर 130 हुए वेंडर्स, बढ़ी अव्यवस्था
एमजी रोड चौपाटी के वेंडर प्रमोद राजपूत के मुताबिक, शुरुआत में यहां सिर्फ 30 वेंडर्स दुकान लगाते थे, लेकिन शहर के अलग-अलग इलाकों में चौपाटियां बंद होने के बाद एमजी रोड पर वेंडर्स की संख्या बढ़कर 130 हो गई।
उन्होंने बताया कि वेंडर्स की संख्या बढ़ने से सड़क पर कचरा फेंकने और बेवजह जाम लगने जैसी समस्याएं सामने आने लगी थीं। इसी वजह से सभी वेंडर्स को एकजुट कर व्यवस्था सुधारने की पहल की गई है।
बैठक के चलते सोमवार को बंद रही चौपाटी
पुलिस और नगर निगम अधिकारियों के साथ बैठक के चलते सोमवार को एमजी रोड की चौपाटी पूरी तरह बंद रही। चौपाटी बंद होने की सूचना के बाद विरोध की चर्चाएं भी होने लगीं। हालांकि, संचालकों ने स्पष्ट किया कि वे प्रशासन की ओर से बनाई गई व्यवस्था के साथ हैं।
अब नए नियमों के लागू होने के बाद देखना होगा कि एमजी रोड पर रात की चौपाटियों का संचालन कितना व्यवस्थित हो पाता है।