

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Next phase of census begins in Chhattisgarh: 1.37 lakh families have completed self-enumeration, now teams will go door-to-door
रायपुर। जनगणना-2027 के पहले चरण को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। राज्य में स्व-गणना की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है, जिसमें कुल 1 लाख 37 हजार 941 परिवारों ने ऑनलाइन अपनी जानकारी दर्ज की। अब शुक्रवार से मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का काम शुरू हो गया है, जो 30 मई तक चलेगा।इस चरण में सरकारी कर्मचारी घर-घर जाकर सर्वे करेंगे और लगभग 33 सवालों के जरिए मकान, सुविधाओं और परिवार से जुड़ी जानकारी एकत्र करेंगे। पूरी प्रक्रिया मोबाइल ऐप के माध्यम से की जाएगी, जिससे डेटा की सटीकता और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
जनगणना के दौरान किन बातों का रखें ध्यान
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना कर्मी किसी भी नागरिक से OTP, पासवर्ड या कोई निजी लिंक साझा करने के लिए नहीं कहेंगे। इसलिए नागरिकों को सतर्क रहने की जरूरत है और केवल फोटोयुक्त अधिकृत पहचान पत्र दिखाने वाले कर्मचारियों को ही जानकारी दें।अगर कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आती है तो तुरंत स्थानीय प्रशासन या कलेक्टर कार्यालय को सूचित करने की सलाह दी गई है।
33 सवालों के जरिए जुटेगी अहम जानकारी
डोर-टू-डोर सर्वे के दौरान कर्मचारियों द्वारा मकान और परिवार से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां ली जाएंगी। इसमें मकान का प्रकार, स्वामित्व, निर्माण सामग्री, कमरों की संख्या, बिजली-पानी की सुविधा, शौचालय, रसोई, इंटरनेट, वाहन, परिवार के सदस्य, सामाजिक वर्ग जैसी जानकारियां शामिल होंगी।
गोपनीय रहेंगी आपकी जानकारी
अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जनगणना के दौरान दी गई सभी व्यक्तिगत जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रहेंगी। इनका उपयोग न तो टैक्स निर्धारण में किया जाएगा और न ही किसी पुलिस या न्यायिक प्रक्रिया में। यहां तक कि यह जानकारी सूचना के अधिकार (RTI) के तहत भी साझा नहीं की जा सकती।
राज्यभर में बड़े स्तर पर तैनात किए गए कर्मचारी
इस बड़े अभियान के लिए राज्य में करीब 62,500 अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसमें 47 प्रमुख जनगणना अधिकारी, 2500 जिला स्तर के अधिकारी, 472 चार्ज अधिकारी, 1160 मास्टर ट्रेनर और 9000 पर्यवेक्षक शामिल हैं। यह अभियान 33 जिलों, 195 नगरीय निकायों, 252 तहसीलों और लगभग 19,978 गांवों में चलाया जा रहा है।
स्व-गणना छूट गई तो अब दें जानकारी
जिन लोगों ने स्व-गणना के दौरान ऑनलाइन जानकारी नहीं दी है, वे अब घर आने वाले कर्मचारियों को अपनी जानकारी दे सकते हैं। इसके लिए परिवार का कोई भी सदस्य जानकारी साझा कर सकता है।
टोल फ्री नंबर पर मिलेगी मदद
जनगणना से जुड़ी किसी भी जानकारी या सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1855 जारी किया गया है। इस नंबर पर कॉल कर नागरिक अपनी शंकाओं का समाधान पा सकते हैं।
जनगणना: विकास की आधारशिला
अधिकारियों के अनुसार, जनगणना एक राष्ट्रीय दायित्व है। नागरिकों द्वारा दी गई सही जानकारी ही भविष्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और रोजगार जैसी योजनाओं को बेहतर बनाने में मदद करती है। इसलिए सभी से सहयोग की अपील की गई है।