

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

No relief from the heat in Raipur for now; rain and thunderstorms likely over the next 5 days.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून का इंतजार लगातार लंबा होता जा रहा है। जून का पहला पखवाड़ा समाप्त होने के बावजूद रायपुर समेत प्रदेश के मध्य क्षेत्रों में गर्मी और उमस का असर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
प्रदेश में द्रोणिका (ट्रफ लाइन) के प्रभाव से सरगुजा संभाग के कई इलाकों में बारिश दर्ज की जा रही है। सोमवार को सूरजपुर जिले के ओड़गी में सर्वाधिक 5 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा रामानुजनगर, प्रतापपुर और जशपुर के कांसाबेल में 2-2 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं बलरामपुर, पाली, करतला, गिधौरी-टुंड्रा, प्रेमनगर और मुकडेगा में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार को प्रदेश का सर्वाधिक तापमान बेमेतरा में 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 22.9 डिग्री सेल्सियस रहा। रायपुर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री, माना और बिलासपुर में 39.7 डिग्री, दुर्ग में 41.2 डिग्री तथा जगदलपुर में 38.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने मंगलवार को रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और अंधड़ चलने की संभावना जताई है। हालांकि गर्मी और उमस से लोगों को तत्काल राहत मिलने के संकेत नहीं हैं। शहर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। साथ ही कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।