

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

On his son's first birthday, the father took the innocent child away; police reunited him with his mother within two and a half hours.
रायपुर। पारिवारिक विवाद के बीच एक पिता अपने एक साल के बेटे को जन्मदिन के दिन जबरन अपने साथ लेकर चला गया। बच्चे के अचानक लापता होने से मां घबरा गई और उसे किसी अनहोनी की आशंका सताने लगी। शिकायत मिलते ही पंडरी पुलिस ने तलाश शुरू की और करीब ढाई घंटे के भीतर मासूम को सकुशल बरामद कर मां के सुपुर्द कर दिया। बच्चे की सुरक्षित वापसी के बाद पुलिसकर्मियों ने थाने में केक काटकर उसका पहला जन्मदिन भी मनाया।
पुलिस के मुताबिक, 26 वर्षीय प्रिया पांडेय का विवाह वर्ष 2022 में लाकेश सिंह बंजारे से हुआ था। पारिवारिक विवाद के चलते दोनों पिछले सात-आठ महीने से अलग रह रहे थे।मंगलवार सुबह करीब 11 बजे लाकेश दलदल सिवनी स्थित प्रिया के घर पहुंचा। यहां दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि लाकेश ने गाली-गलौज करते हुए प्रिया के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं।
विवाद के दौरान लाकेश बच्चे को अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगा। इसी बीच पड़ोस में रहने वाली रूबी प्रिया मानिकपुरी ने मासूम को अपने घर ले जाकर सुरक्षित रखा।बाद में प्रिया शिकायत दर्ज कराने पंडरी थाने पहुंची। इसी दौरान शाम करीब छह बजे उसका पति वहां आया और कथित तौर पर एक साल के बच्चे के साथ उसका मोबाइल फोन भी जबरदस्ती लेकर चला गया। प्रिया ने बच्चे को वापस करने की गुहार लगाई, लेकिन वह नहीं माना।
बच्चे की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू की गई। डीसीपी नॉर्थ दीपमाला कश्यप के मार्गदर्शन और एडीसीपी आदित्य पांडेय व एसीपी पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक परेश पांडेय की टीम ने कार्रवाई की।पुलिस टीम ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद बच्चे को सुरक्षित खोज निकाला और मां को सौंप दिया।
इस पूरे मामले का भावुक पहलू यह रहा कि मंगलवार को ही मासूम का पहला जन्मदिन था। मां से मिलने के बाद पुलिसकर्मियों ने बच्चे की खुशी के लिए थाने में केक काटा और उसका जन्मदिन मनाया। इस पहल से पुलिस की त्वरित कार्रवाई के साथ मानवीय संवेदनशीलता भी सामने आई।
प्रिया की शिकायत पर पुलिस ने लाकेश सिंह बंजारे (28), निवासी बगदेही पारा, तरीं रोड, गोबरा नवापारा के खिलाफ गाली-गलौज और मारपीट से संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।