

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Online betting network busted in Raipur, 7 arrested including Dubai link
राजधानी में रायपुर ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है। क्राइम और साइबर यूनिट ने अंतरराज्यीय ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए अमलीडीह निवासी प्रतीक कुमार वीधवानी और सैकी देवड़ा समेत सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह सट्टा पैनल चलाने के साथ खुद का निजी पेमेंट गेटवे भी संचालित कर रहा था। सट्टे से कमाई गई रकम को क्रिप्टोकरेंसी और यूएसडीटी में बदलकर विदेश भेजा जाता था। जांच में 46,500 यूएसडीटी (करीब 42 लाख रुपये) ट्रांसफर करने के प्रमाण मिले हैं।
दुबई और गोवा से जुड़े तार
रायपुर ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का ऑपरेशन सेंटर गोवा में किराये के मकान से संचालित हो रहा था। वहां छापा मारकर धनंजय वैष्णव, साकेत जगवानी, प्रमोद ओरके, प्रकाश चंद्र मिरी और शंकर कुमार राम को गिरफ्तार किया गया। गिरोह हर चार-पांच महीने में ठिकाना बदल देता था।
जांच में दुबई लिंक भी सामने आया है। विदेशी नंबरों से संपर्क और आरोपितों के दुबई आने-जाने के सबूत मिले हैं। महादेव एप से भी कनेक्शन की जांच की जा रही है।
ऐसे चलता था पूरा खेल
आरोपित 23exch9.com, allpenalexch.com और 99.com जैसे प्लेटफॉर्म पर मास्टर आईडी बनाकर छोटे एजेंटों को आईडी जारी करते थे। 431 म्यूल बैंक खातों के जरिए रकम वसूली होती थी। फिर निजी यूपीआई सिस्टम और क्यूआर कोड के माध्यम से पैसे ट्रांसफर किए जाते थे।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपितों ने 35 लाख रुपये में सट्टा पैनल खरीदा था और 20-20 हजार रुपये में आईडी बेचते थे।
भारी जब्ती और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने पांच लैपटॉप, 58 मोबाइल, 12 एटीएम, तीन राउटर, नकदी और एक कार समेत करीब 22.14 लाख रुपये का सामान जब्त किया है। करोड़ों के ट्रांजेक्शन की जानकारी भी मिली है।