

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Operation Cyber Shield; Two people accused of online fraud using fake apps arrested from Rajasthan
रायपुर। रायपुर रेंज पुलिस ने ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी लिंक और संदिग्ध मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन ठगी करने वाले दो साइबर आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपी Winmate और Wingo जैसे ऐप के माध्यम से एंड्रॉइड यूजर्स को निशाना बनाकर उनके बैंक खातों से रकम पार कर देते थे।
दो आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल और दस्तावेज जब्त
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देशन में की गई कार्रवाई में पृथ्वी कुमार बिश्नोई उर्फ राहुल (20), निवासी ग्राम डोलीकला, थाना कल्याणपुर, बाड़मेर (राजस्थान) और नरसिंह सिंह (24), निवासी भोपालगढ़, जोधपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, सिम कार्ड और बैंक खाते से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
आरटीओ ई-चालान के नाम पर की ठगी
पुलिस के अनुसार प्रार्थी धर्मेंद्र सिंह ने थाना विधानसभा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके मोबाइल पर RTOechallan नाम से एक एसएमएस आया था। इसमें दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही उनके बैंक खाते से 4.52 लाख रुपए कट गए। मामले में अपराध क्रमांक 8/26 के तहत धारा 318(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता और 66(D) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग
जांच के दौरान गूगल, बैंकिंग ट्रांजेक्शन, मोबाइल सेवा प्रदाता, यूट्यूब और टेलीग्राम से मिले तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। इसके आधार पर पुलिस टीम ने राजस्थान में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
सोशल मीडिया पर लालच देकर डाउनलोड करवाते थे ऐप
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर “Task Complete”, “Instant Bonus”, “Referral Bonus” और गेम खेलकर कमाई जैसे प्रलोभन देकर Winmate और Wingo जैसे ऐप डाउनलोड करवाते थे। ये ऐप प्ले स्टोर या ऐप स्टोर पर उपलब्ध नहीं होते थे। ऐप इंस्टॉल होते ही यूजर को बोनस राशि दिखती थी और “SMS Task” के नाम पर मोबाइल से फर्जी ई-चालान और संदिग्ध लिंक भेजे जाते थे। इन लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक हो जाता था और बैंक खाते या ई-वॉलेट से रकम निकाल ली जाती थी।
क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म से खपाते थे ठगी की रकम
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ठगी की रकम को छिपाने के लिए Swiggy और Instamart जैसे प्लेटफॉर्म से महंगे सामान की ऑनलाइन खरीदारी कर अलग-अलग राज्यों में डिलीवरी कराते थे, जिससे पैसों का ट्रैक करना मुश्किल हो जाता था। इससे पहले भी WinGo ऐप के जरिए ठगी करने वाले तीन आरोपियों को महाराष्ट्र, ओडिशा और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस की नागरिकों से अपील
पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि-
-केवल Play Store या App Store से ही ऐप डाउनलोड करें।
-“गारंटीड मुनाफा” या “आसान कमाई” के झांसे में न आएं।
-अनावश्यक रूप से SMS, कॉन्टैक्ट या बैंक संबंधी अनुमति मांगने वाले ऐप इंस्टॉल न करें।
-किसी भी अज्ञात लिंक या APK फाइल पर क्लिक न करें।
-साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या [www.cybercrime.gov.in](http://www.cybercrime.gov.in) पर शिकायत दर्ज कराएं।