

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Notice issued to lecturer for distributing Bible books to students in school
जशपुर। फरसाबहार ब्लॉक के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल केरसई में एक व्याख्याता द्वारा छात्र-छात्राओं को बाइबिल की पुस्तकें वितरित करने का मामला सामने आया है। संस्था प्रमुख ने इसे गंभीर आचरण की श्रेणी में मानते हुए संबंधित व्याख्याता को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही पूरे मामले की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी को भेजते हुए कार्रवाई के लिए पत्र भी प्रेषित किया गया है।
कक्षा में जाकर बांटी धार्मिक पुस्तकें
मिली जानकारी के अनुसार विद्यालय के व्याख्याता दीपक तिग्गा पर आरोप है कि उन्होंने पढ़ाई के दौरान कक्षा में जाकर छात्र-छात्राओं को बाइबिल की छोटी-छोटी पुस्तिकाएं वितरित कीं। इस घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन ने इसे नियमों का उल्लंघन माना है।
देरी से पहुंचे स्कूल, सीधे कक्षा में गए
संस्था प्रमुख कार्यालय से जारी नोटिस के अनुसार 10 फरवरी को व्याख्याता दीपक तिग्गा निर्धारित समय से विलंब से विद्यालय पहुंचे और बिना संस्था प्रमुख से भेंट किए सीधे कक्षा में चले गए। इसके बाद उन्होंने विद्यार्थियों के बीच धार्मिक पुस्तकें बांटना शुरू कर दिया।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया नियमों के खिलाफ
विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि शिक्षण संस्थानों में किसी भी प्रकार की धार्मिक सामग्री का वितरण नियमों के विरुद्ध है और इससे विद्यालय का अनुशासन प्रभावित होता है। इस घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर भी चर्चा तेज हो गई है और कुछ लोग इसे स्कूल के माध्यम से धर्म प्रचार से जोड़कर देख रहे हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी से कार्रवाई की मांग
संस्था प्रमुख ने मामले को गंभीर मानते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल इस मामले में आगे की जांच की जा रही है।