

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Out-of-control car mounts pavement in Bilaspur; video of couple kissing after the accident goes viral; they were beaten up by the public.
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में बारिश के दौरान तेज रफ्तार कार ने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी और फिर लहराते हुए दुकान के पास फुटपाथ पर जा चढ़ी। हादसे के दौरान वहां मौजूद कई लोग बाल-बाल बच गए। टक्कर के कारण कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के मुताबिक, घटना करीब तीन दिन पहले सिरगिट्टी क्षेत्र की मेन रोड पर हुई। बताया जा रहा है कि कार में कुछ लड़के और लड़कियां सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि कार सवार नशे की हालत में थे। कार चला रहा लड़का तेज रफ्तार में गाड़ी को लहराते हुए ले जा रहा था, इसी दौरान उसने नियंत्रण खो दिया और कार फुटपाथ पर चढ़ गई।
हादसे के बाद सामने आए वीडियो में कार की ड्राइवर और को-ड्राइवर सीट पर बैठे युवक-युवती एक-दूसरे को किस करते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हादसे के बाद भी दोनों के इस तरह नजर आने पर मौके पर मौजूद लोगों ने नाराजगी जताई।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने कार सवारों से घटना को लेकर सवाल किए तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कार सवार युवक और उसके साथ मौजूद लोग लोगों से दबंगई करने लगे। इसके बाद गुस्साए स्थानीय युवकों ने कार सवारों की पिटाई कर दी।
विवाद के दौरान कार में सवार युवती भी बाहर आ गई और युवक का पक्ष लेते हुए स्थानीय लोगों से बहस करने लगी। इसी दौरान कुछ युवकों ने युवती को भी थप्पड़ मार दिया। पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार ने एक ऑटो को भी टक्कर मारी थी। हालांकि, ऑटो चालक ने थाने में इस संबंध में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई। पुलिस के मुताबिक, मामले में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए कार सवार पर 2 हजार रुपए का चालान किया गया है।
हादसे के बाद कार चला रहे युवक के नाबालिग होने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, उसकी उम्र और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
सिरगिट्टी क्षेत्र की इस घटना के वीडियो सामने आने के बाद सड़क सुरक्षा और नशे की हालत में वाहन चलाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। तेज रफ्तार कार के फुटपाथ पर चढ़ने से बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद लोगों ने समय रहते खुद को बचा लिया और कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।