

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Over 500 CCTV cameras were scanned to track down the gang that looted jewelry worth ₹1 crore; following an investigation across three states, goods worth ₹46 lakh were recovered from Odisha.
अंबिकापुर/सीतापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर में ज्वेलरी कारोबारी से करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों की उठाईगिरी के मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह का सुराग तलाश लिया है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस टीम ने छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया।
लगातार कई दिनों की जांच के बाद पुलिस टीम ओडिशा के गंजाम जिले तक पहुंची। वहां करीब 10 दिनों तक चले संयुक्त सर्च अभियान के दौरान एक संदिग्ध के घर से लगभग 46 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
घटना 26 जुलाई 2026 की सुबह करीब 11:30 बजे सीतापुर के हाईस्कूल के पास हुई थी। काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक अरुणदेव सोनी अपनी दुकान पहुंचकर स्कूटी खड़ी कर रहे थे। स्कूटी के सामने सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग रखा था।
जैसे ही कारोबारी दुकान का शटर खोलने लगे, बदमाशों ने मौका देखकर स्कूटी से बैग उठा लिया और वहां से फरार हो गए। बैग में करीब एक करोड़ रुपये कीमत के आभूषण होने की जानकारी दी गई थी।घटना की शिकायत मिलने के बाद सीतापुर थाने में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने केवल घटनास्थल की फुटेज पर निर्भर रहने के बजाय आरोपियों के संभावित भागने के रास्ते को चिन्हित किया। इसके बाद सरगुजा के गेरसा से लेकर जशपुर के कांसाबेल, कुनकुरी और सिंगीबहार तक लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग जुटाई गई।
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने झारखंड के सिमडेगा और कुरडेग तथा ओडिशा के सुंदरगढ़ क्षेत्र की फुटेज भी खंगाली। तीन राज्यों में 500 से अधिक कैमरों की रिकॉर्डिंग का विश्लेषण किया गया।फुटेज में चार संदिग्ध दो मोटरसाइकिलों पर भागते दिखाई दिए। पुलिस ने उनके रास्ते और गतिविधियों को जोड़ते हुए तकनीकी जांच आगे बढ़ाई।
सीसीटीवी फुटेज के साथ मोबाइल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करने के बाद पुलिस को दो प्रमुख संदिग्धों के बारे में जानकारी मिली। इनकी पहचान ओडिशा के गंजाम जिले के सोड़ा निवासी चांटी दास और नारायणपुर निवासी नागेश्वर राव के रूप में की गई।
इसके बाद पुलिस टीम ने ओडिशा में आरोपियों की तलाश शुरू की। गंजाम जिले में लगातार करीब 10 दिनों तक संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
तलाशी और जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध के घर से करीब 46 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए। बरामद माल को सीतापुर में हुई वारदात से जोड़कर आगे की जांच की जा रही है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बाकी आभूषण कहां पहुंचाए गए और वारदात में शामिल अन्य सदस्यों की भूमिका क्या थी।
सरगुजा पुलिस के अनुसार मामले की जांच अभी जारी है। तीन राज्यों से मिले सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले भी इसी तरह की वारदातों में शामिल रहे हैं या नहीं और अलग-अलग राज्यों में उनका नेटवर्क कितना फैला हुआ है। बरामद आभूषणों की पहचान और उनकी कीमत का भी विधिवत सत्यापन कराया जा रहा है।