

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

PHC Sadhwani in GPM district achieves significant milestone in NQAS.
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और मरीज-केंद्रित बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) साधवानी ने निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरते हुए राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) के मूल्यांकन में सफलतापूर्वक क्वालीफाई किया है। इस उपलब्धि से जिले में मरीजों को बेहतर, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को मजबूती मिली है।
इन मानकों पर हुआ मूल्यांकन
राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक के तहत स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को दी जाने वाली सेवाओं, मरीजों के अधिकार, उपलब्ध संसाधन, सहायक एवं क्लीनिकल सेवाएं, संक्रमण नियंत्रण, गुणवत्ता प्रबंधन और परिणाम आधारित सेवाओं समेत कई निर्धारित मानकों का मूल्यांकन किया जाता है।
पीएचसी साधवानी ने इन मानकों के अनुरूप अपनी स्वास्थ्य सेवाओं, व्यवस्थाओं और गुणवत्ता प्रबंधन में आवश्यक सुधार करते हुए यह उपलब्धि हासिल की है।
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ ही शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य के अनुरूप जीपीएम जिले में स्वास्थ्य संस्थानों को राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है।
कलेक्टर के निर्देशन में लगातार हुई मॉनिटरिंग
जिला कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देशन में जिले के स्वास्थ्य संस्थानों में एनक्यूएएस प्रमाणीकरण और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके तहत स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, रिकॉर्ड और दस्तावेजों को सुव्यवस्थित रखने, संक्रमण नियंत्रण के मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा मरीज-केंद्रित सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया।
जिला स्वास्थ्य टीम की अहम भूमिका
पीएचसी साधवानी की इस उपलब्धि में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन और प्रभावी मॉनिटरिंग के साथ जिला स्तरीय टीम की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। एनक्यूएएस मूल्यांकन की तैयारियों के दौरान फील्ड मॉनिटरिंग, गैप एनालिसिस, दस्तावेजीकरण और आवश्यक सुधारात्मक गतिविधियों पर लगातार काम किया गया।
पीएचसी साधवानी के चिकित्सा अधिकारी, आरएमए, एएनएम, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन और सपोर्टिंग स्टाफ सहित सभी स्वास्थ्यकर्मियों ने टीम भावना और बेहतर समन्वय के साथ काम किया। उनके सामूहिक प्रयासों से स्वास्थ्य केंद्र राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के मूल्यांकन में सफल रहा।
पीएचसी साधवानी की यह उपलब्धि जिले के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के लिए भी प्रेरणादायक मानी जा रही है। इससे अन्य संस्थानों को भी राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप अपनी स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।