

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

PM Awas Yojana: Arun Sao hits back at Bhupesh Baghel’s challenge for a debate, says the pain of the poor is not visible through ‘Italian glasses’.
रायपुर। पीएम आवास योजना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की बहस की चुनौती पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए कहा कि जब आंखों पर ‘इटालियन चश्मा’ लगा हो और मुख्यमंत्री रहते 18 लाख परिवारों को पीएम आवास से वंचित किया गया हो, तो बहस की बात करना उचित नहीं है।
अरुण साव ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि जिन गरीब और जरूरतमंद परिवारों को आवास की जरूरत थी, उन्हें उनके हक से वंचित किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ की भोली-भाली जनता को ठगने का काम किया गया और अब इसी मुद्दे पर बहस की चुनौती देकर गरीबों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सख्त तेवर को लेकर पूछे गए सवाल पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य के मुखिया होने के नाते जनता की समस्याओं के समय उनके साथ खड़ा होना मुख्यमंत्री का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि जहां लोगों को परेशानी हो, वहां सरकार को उनके साथ खड़े होकर उनकी मदद करनी चाहिए।
अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इसी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने इसे सरकार के ‘सुशासन’ से जोड़ते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना और जरूरत के समय लोगों के साथ खड़ा होना ही विष्णु देव साय के सुशासन की पहचान है।
तालाबों के सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार के लिए राशि जारी किए जाने के सवाल पर अरुण साव ने कहा कि केंद्र सरकार की अलग-अलग योजनाओं के तहत तालाबों के सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार के लिए राशि आवंटित की जाती है। उन्होंने कहा कि राज्य में इस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है और यह भी सरकार के लिए एक महत्वपूर्ण कार्य है।
उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से बड़ी राशि स्वीकृत की गई है, ताकि तालाबों के विकास और उनके जीर्णोद्धार से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके।
सेवा संकल्प अभियान को लेकर मंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपे जाने पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे और तब से मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए सेवा कर रहे हैं।
अरुण साव ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत देशभर में 12 अलग-अलग प्रकार के सेवा कार्य किए जाएंगे। छत्तीसगढ़ में भी इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी 12 योजनाओं को लेकर संगठन और सरकार मिलकर तैयारी कर रहे हैं और सभी लोग अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।