

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

PM Modi's big message on Bengal victory, says- 'Lotus blooms from Gangotri to Gangasagar', announces action against infiltrators
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा-एनडीए की जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। करीब 47 मिनट के भाषण में पीएम मोदी ने बंगाल में बदलाव, असम के विकास, पुडुचेरी के भविष्य और विपक्ष पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि बंगाल की पहली कैबिनेट बैठक में आयुष्मान भारत योजना को मंजूरी दी जाएगी और घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
“गंगोत्री से गंगासागर तक कमल ही कमल”
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा की जीत केवल चुनावी सफलता नहीं, बल्कि वर्षों की साधना का परिणाम है। उन्होंने कहा,“पिछले साल मैंने कहा था कि गंगा जी बिहार से आगे होते हुए गंगासागर तक जाती हैं। आज बंगाल की जीत के साथ गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक कमल ही कमल खिला है।” उन्होंने उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में भाजपा-एनडीए सरकारों का उल्लेख करते हुए इसे मां गंगा का आशीर्वाद बताया।
बंगाल में बदलाव की राजनीति की बात
प्रधानमंत्री ने बंगाल की जनता को बधाई देते हुए कहा कि राज्य अब भयमुक्त हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा बदले की नहीं, बदलाव की राजनीति करेगी।उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और कार्यकर्ताओं से हिंसा का दौर खत्म करने की अपील करते हुए कहा, “किसने किसे वोट दिया या नहीं दिया, उससे ऊपर उठकर काम करना होगा। बंगाल को भय नहीं, भविष्य चाहिए।”
पहली कैबिनेट में आयुष्मान भारत को मंजूरी
पीएम मोदी ने घोषणा की कि बंगाल में सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में आयुष्मान भारत योजना को मंजूरी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सुरक्षा का माहौल मिलेगा, युवाओं को रोजगार मिलेगा और पलायन रोकने के लिए काम किया जाएगा। साथ ही अवैध घुसपैठ के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
असम की जीत को बताया ऐतिहासिक
असम में लगातार तीसरी बार एनडीए की सरकार बनने पर पीएम मोदी ने जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मां ब्रह्मपुत्र और मां कामाख्या का आशीर्वाद भाजपा पर बना हुआ है। उन्होंने कहा कि असम के टी गार्डन क्षेत्रों में भी भाजपा को व्यापक समर्थन मिला है और राज्य अब विकास की नई रफ्तार पकड़ेगा।
पुडुचेरी के विकास का भरोसा
प्रधानमंत्री ने पुडुचेरी के लोगों को धन्यवाद देते हुए कहा कि “बेस्ट पुडुचेरी” के विजन पर जनता ने भरोसा जताया है। उन्होंने युवाओं और मछुआरा समुदाय को भरोसा दिलाया कि एनडीए सरकार उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए लगातार काम करती रहेगी।
अंग, बंग और कलिंग को बताया भारत की ताकत
अपने भाषण में पीएम मोदी ने भारत के ऐतिहासिक गौरव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि समृद्ध भारत के तीन मजबूत स्तंभ अंग, बंग और कलिंग थे। उन्होंने बिहार को शिक्षा और रेशम का केंद्र, बंगाल को सांस्कृतिक चेतना की भूमि और कलिंग को समुद्री व्यापार का केंद्र बताया।
महिला आरक्षण विरोधियों पर हमला
प्रधानमंत्री ने महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करने वाले दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं ने ऐसे दलों को जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति भारत की सबसे बड़ी ताकत है और महिलाओं के सशक्तिकरण के बिना देश का विकास संभव नहीं है।
“देश कम्युनिज्म से किनारा कर चुका है”
पीएम मोदी ने कहा कि आज देश में कहीं भी कम्युनिस्ट पार्टी की सरकार नहीं है। इसे उन्होंने केवल राजनीतिक बदलाव नहीं, बल्कि सोच में बदलाव बताया। उन्होंने कहा कि आज का भारत विकास, विश्वास और प्रगति की राजनीति चाहता है और देश कम्युनिज्म की विचारधारा से आगे बढ़ चुका है।