

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Padma Shri Dr. Chandraprakash Dwivedi paid a courtesy call on CM Sai; he was accorded a warm welcome with the presentation of a shawl and a memento.
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में प्रसिद्ध निर्माता-निर्देशक एवं अभिनेता पद्मश्री डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री साय ने शॉल एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर डॉ. द्विवेदी का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान भारतीय इतिहास, संस्कृति, साहित्य और सिनेमा सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारतीय सिनेमा और टेलीविजन ने देश की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने अपने सृजन के माध्यम से भारतीय इतिहास, संस्कृति और साहित्य को प्रभावशाली ढंग से जन-जन तक पहुंचाया है।
मुख्यमंत्री ने उनके ऐतिहासिक एवं साहित्यिक विषयों पर किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि गंभीर शोध, संवेदनशीलता और सशक्त प्रस्तुति के साथ इतिहास को पर्दे पर उतारना उनकी विशिष्ट पहचान है।
मुख्यमंत्री साय ने दूरदर्शन के लोकप्रिय धारावाहिक ‘चाणक्य’ का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आचार्य चाणक्य के व्यक्तित्व, राष्ट्रबोध और राजनीतिक दर्शन को डॉ. द्विवेदी ने जिस प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया, उसने देशभर के दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी।
उन्होंने कहा कि इतिहास और संस्कृति से जुड़ी ऐसी रचनाएं युवाओं और नई पीढ़ी को अपनी सभ्यता, विरासत और राष्ट्रीय मूल्यों से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं, साहित्य और ऐतिहासिक विरासत पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य की सांस्कृतिक विविधता और जनजातीय परंपराएं छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की लोककला, लोकसाहित्य और गौरवशाली विरासत में रचनात्मक कार्यों की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।
डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने मुख्यमंत्री साय के आत्मीय स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया। दोनों के बीच हुई चर्चा में भारतीय संस्कृति और इतिहास के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रियंवदा सिंह जूदेव तथा प्रबल प्रताप सिंह जूदेव उपस्थित रहे।