

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
.jpg&w=3840&q=75)
Parliament slams NEET controversy, NTA says paper was not leaked, system compromised
नई दिल्ली। मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG को लेकर जारी विवाद अब संसद की संसदीय समिति तक पहुंच गया है। गुरुवार को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA के शीर्ष अधिकारियों ने शिक्षा मंत्रालय से जुड़ी संसदीय समिति के सामने पेश होकर बड़ा दावा किया कि NEET का प्रश्नपत्र लीक नहीं हुआ था, बल्कि परीक्षा प्रणाली ‘कंप्रोमाइज’ हुई थी।बैठक के दौरान इस मुद्दे पर तीखी बहस और हंगामे की स्थिति भी बनी रही। समिति के अध्यक्ष और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह लगातार इसे पेपर लीक का मामला बताते रहे, जबकि भाजपा सांसदों ने कहा कि CBI जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।
मराठी अनुवाद करने वाले शिक्षकों पर बड़ा आरोप
संसदीय समिति के सामने NTA अधिकारियों ने दावा किया कि प्रश्नपत्र के मराठी अनुवाद से जुड़े कुछ शिक्षकों ने सवालों को याद कर लिया था। बाद में उन्हीं प्रश्नों को कथित तौर पर कागज पर लिखकर छात्रों तक ‘गेस पेपर’ के रूप में पहुंचाया गया।हालांकि समिति के कई सदस्यों ने इस दलील पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि जब हूबहू प्रश्नपत्र बाहर पहुंच गया, तो उसे पेपर लीक ही माना जाएगा।
NTA महानिदेशक से कई सवाल, जवाब में CBI जांच का हवाला
बैठक के दौरान समिति सदस्यों ने NTA महानिदेशक अभिषेक सिंह से प्रश्नपत्र निर्माण और सुरक्षा प्रक्रिया को लेकर कई सवाल किए। सूत्रों के अनुसार अधिकांश सवालों पर उन्होंने चल रही CBI जांच का हवाला दिया।NTA की ओर से यह भी बताया गया कि एजेंसी फिलहाल करीब 25 प्रतिशत स्टाफ की कमी से जूझ रही है और रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है।
राधाकृष्णन समिति की 70 प्रतिशत सिफारिशें लागू करने का दावा
NTA महानिदेशक अभिषेक सिंह ने कहा कि एजेंसी परीक्षा प्रक्रिया को मजबूत करने के लिए लगातार सुधार कर रही है। उन्होंने दावा किया कि राधाकृष्णन समिति की करीब 70 प्रतिशत सिफारिशों को लागू किया जा चुका है।बैठक में सुझाव दिया गया कि प्रश्नपत्र के अलग-अलग सेट तैयार कर विभिन्न राज्यों में भेजे जाएं, ताकि किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में उसका असर सीमित क्षेत्र तक ही रहे।
बैठक शुरू होने से पहले ही गरमाई राजनीति
सूत्रों के मुताबिक बैठक शुरू होने से पहले भाजपा सांसद संबित पात्रा ने दिग्विजय सिंह पर एजेंडा लीक करने का आरोप लगाया। इसके बाद माहौल और ज्यादा गरमा गया।बैठक के दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि अगर प्रश्नपत्र बाहर पहुंचा है तो उसे पेपर लीक नहीं कहा जाएगा तो क्या कहा जाएगा। इस पर भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने जवाब देते हुए कहा कि CBI रिपोर्ट आने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
राहुल गांधी ने भाजपा सरकारों पर लगाया दमन का आरोप
इस बीच लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने NEET विवाद को लेकर भाजपा शासित राज्यों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और NSUI द्वारा चलाए जा रहे छात्र आंदोलन को दबाने के लिए कार्यकर्ताओं पर लाठियां बरसाई जा रही हैं।राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस तब तक पीछे नहीं हटेगी, जब तक शिक्षा व्यवस्था को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाते। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग भी दोहराई।