

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Partition Horrors Remembrance Day Chhattisgarh
रायपुर। संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर रायपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह समारोह दोपहर 12:30 बजे मुक्ताकाशी मंच, संचालनालय पुरातत्व, लोकभवन के पास, सिविल लाइन, रायपुर में आयोजित होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे, जबकि संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
कार्यक्रम में प्रख्यात फिल्मकार और ‘चाणक्य’ धारावाहिक से प्रसिद्ध हुए डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने भारत विभाजन की त्रासदी पर आधारित चर्चित फिल्म ‘पिंजर’ का निर्देशन किया है। कार्यक्रम में डॉ. द्विवेदी विभाजन के ऐतिहासिक संदर्भ, उसकी त्रासदी और उस दौर के संघर्षों पर अपने विचार साझा करेंगे।
विभाजन की पीड़ा को याद करेगा छत्तीसगढ़
‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर विभाजन की त्रासदी और उस दौर के संघर्षों को याद करते हुए प्रदर्शनी एवं स्मृति कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। विभाजन से प्रभावित सिंधी, पंजाबी और बंगाली समाज के प्रतिनिधि अपने परिवारों और समाज से जुड़े अनुभवों को साझा करेंगे।
कार्यक्रम में स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थी भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। इसके साथ ही प्रबुद्ध नागरिक, जनप्रतिनिधि, साहित्यकार और मीडिया प्रतिनिधि भी समारोह में उपस्थित रहेंगे।
पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर के कुलपति सच्चिदानंद शुक्ला भी कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करेंगे।
ये प्रमुख अतिथि रहेंगे मौजूद
कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप उपस्थित रहेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में डॉ. युधिष्ठिर लाल महाराज, पीठाधीश्वर, शदाणी दरबार तीर्थ; सांसद रायपुर लोकसभा बृजमोहन अग्रवाल; राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा; विधायक रायपुर पश्चिम राजेश मूणत; विधायक रायपुर दक्षिण सुनील सोनी; विधायक रायपुर ग्रामीण मोतीलाल साहू; विधायक रायपुर उत्तर पुरंदर मिश्रा और विधायक धरसीवां अनुज शर्मा शामिल होंगे।
इसके अलावा संस्कृति परिषद एवं संस्कृति विभाग के अध्यापकगण, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, रायपुर जिला पंचायत के अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल तथा छत्तीसगढ़ बाल संरक्षण आयोग के पूर्व अध्यक्ष यशवंत जैन की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने का प्रयास
संस्कृति विभाग का यह आयोजन विभाजन के दौरान विस्थापन, संघर्ष और पीड़ा झेलने वाले लोगों की स्मृतियों को सम्मान देने के साथ-साथ नई पीढ़ी को उस दौर के इतिहास से परिचित कराने का प्रयास है। प्रदर्शनी, स्मृति कार्यक्रम और प्रभावित समाज के प्रतिनिधियों के अनुभवों के माध्यम से विद्यार्थियों और आम नागरिकों को विभाजन की मानवीय त्रासदी को समझने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम: विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
दिनांक: 14 अगस्त 2026
समय: दोपहर 12:30 बजे
स्थान: मुक्ताकाशी मंच, संचालनालय पुरातत्व, लोकभवन के पास, सिविल लाइन, रायपुर