

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Petrol-Diesel Crisis In Chhattisgarh: Rumors increased tension, stampede at petrol pumps… Government said – oil will not run out
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल को लेकर गुरुवार को ऐसा माहौल बन गया, मानो ईंधन संकट गहरा गया हो। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में सुबह से ही पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें दिखाई दीं। सोशल मीडिया पर तेजी से फैली अफवाहों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी और हर कोई टंकी फुल कराने के लिए पंपों की ओर दौड़ पड़ा। स्थिति इतनी बिगड़ी कि कई पंपों पर स्टॉक खत्म हो गया, जबकि कुछ जगहों पर सीमित मात्रा में ही पेट्रोल-डीजल दिया गया।
रायपुर में 50 मीटर तक लगी गाड़ियों की लाइन
राजधानी रायपुर के देवपुरी, टिकरापारा, भाठागांव, फाफाडीह, शास्त्री चौक, संतोषी नगर और रिंग रोड इलाके के पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ी रही। कई जगह कारों और बाइक की कतारें सड़क तक पहुंच गईं। कुछ पंप संचालकों ने बाइक में 300 से 400 रुपये और कारों में 1000 रुपये तक ही पेट्रोल देने की सीमा तय कर दी।लोगों का कहना था कि उन्हें सोशल मीडिया पर लगातार ऐसे मैसेज मिल रहे थे कि प्रदेश में सिर्फ एक-दो दिन का ही स्टॉक बचा है। इसी डर में लोग जरूरत से ज्यादा तेल भरवाने पहुंच गए।
एक दिन में खत्म हो गया दो-तीन दिन का स्टॉक
पेट्रोल पंप संचालकों के मुताबिक आम दिनों में एक टैंकर दो से तीन दिन तक चलता था, लेकिन अब पैनिक खरीदारी के कारण एक दिन में ही पूरा स्टॉक खत्म हो जा रहा है। बताया गया कि ज्यादातर लोग फुल टैंक करवा रहे थे, जिससे मांग अचानक कई गुना बढ़ गई।पंप संचालकों ने स्पष्ट किया कि तेल की वास्तविक कमी नहीं है, लेकिन अचानक बढ़ी मांग के कारण सप्लाई चेन पर दबाव जरूर बढ़ गया है।
कलेक्टर ने लिया बड़ा फैसला, अब 24 घंटे होगी सप्लाई
स्थिति बिगड़ती देख रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने पेट्रोलियम कंपनियों और पंप संचालकों की बैठक ली। बैठक के बाद बड़ा फैसला लेते हुए डिपो से टैंकरों की 24 घंटे सप्लाई की अनुमति दे दी गई। पहले टैंकरों को सीमित समय में ही एंट्री मिलती थी।कलेक्टर ने साफ कहा कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और लोगों को अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने अपील की कि लोग सिर्फ जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें।
CM विष्णुदेव साय ने भी की अपील
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी प्रदेशवासियों से संयम बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के सभी ऑयल डिपो में पर्याप्त ईंधन मौजूद है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। सरकार और ऑयल कंपनियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करें और अनावश्यक स्टॉक जमा करने से बचें।
बिलासपुर-दुर्ग में भी कई पंप हुए ड्राई
सिर्फ रायपुर ही नहीं, बिलासपुर, दुर्ग और भिलाई में भी कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म होने की खबरें सामने आईं। बिलासपुर में कई पंप अस्थायी रूप से बंद रहे, जबकि कुछ जगहों पर लोगों को घंटों लाइन में लगना पड़ा।दुर्ग-भिलाई में पंप कर्मचारियों ने बताया कि यदि नियमित रूप से टैंकर नहीं पहुंचे तो आने वाले दिनों में परेशानी बढ़ सकती है।
गैलनों में तेल बेचने पर बढ़ा विवाद
रायपुर के लालपुर स्थित एक पेट्रोल पंप पर गैलनों और कैनों में बड़ी मात्रा में तेल भरने की तस्वीरें सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई। आम उपभोक्ताओं को सीमित मात्रा में तेल दिया जा रहा था, जबकि कुछ लोग बल्क में पेट्रोल-डीजल ले जाते दिखे।इससे लोगों के बीच यह डर और गहरा गया कि कहीं आगे चलकर वास्तव में संकट न पैदा हो जाए।
कांग्रेस आज करेगी प्रदर्शन
पेट्रोल-डीजल को लेकर बनी अफरा-तफरी के बीच कांग्रेस ने शुक्रवार को प्रदर्शन का ऐलान किया है। पूर्व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय के नेतृत्व में भारत पेट्रोलियम कार्यालय का घेराव किया जाएगा। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार स्थिति संभालने में नाकाम रही है और आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।