

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
.jpg&w=3840&q=75)
Political turmoil over Bastar's blueprint: CM's media advisor Pankaj Jha launches a scathing attack on Deepak Baij, reminding him of the Tekalguda attack.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बस्तर के विकास और सुरक्षा के मुद्दे पर वार-पलटवार का दौर बेहद आक्रामक हो चुका है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा गृहमंत्री से बस्तर के लिए 2.0 ब्लूप्रिंट मांगने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मीडिया सलाहकार पंकज झा ने करारा जवाब दिया है। पंकज झा ने दीपक बैज को साल 2021 में हुए टेकलगुड़ा नक्सली हमले की याद दिलाते हुए उन पर और तत्कालीन कांग्रेस सरकार पर बस्तर के प्रति घोर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
पंकज झा ने दीपक बैज के सोशल मीडिया पोस्ट का स्क्रीनशॉट साझा करते हुए लिखा कि आज बस्तर के ब्लूप्रिंट की चिंता करने वाली कांग्रेस और दीपक बैज की असलियत टेकलगुड़ा हमले के वक्त ही साफ हो गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जब बस्तर में नक्सली हमले में देश के 22 वीर जवान बलिदान हुए थे और 30 से अधिक घायल थे, उस समय दीपक बैज बस्तर के सांसद होने के बावजूद तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ असम में चुनावी प्रचार और गुवाहाटी (दिशपुर) के रेस्तरां में डिनर का जश्न मना रहे थे।
झा ने फेसबुक पर लिखा "उस नृशंस हमले के कई घंटे बाद आपने अपने मुख्यमंत्री के साथ एक रेस्तरा में डिनर करते हुए उल्लास के साथ फेसबुक पोस्ट भी शेयर किया था, सेलिब्रेट करते दिखे थे आप डिनर को।"
कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए झा ने भाजपा सरकार और केंद्रीय नेतृत्व की तत्परता का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक तरफ जहां छत्तीसगढ़ के नेता असम में व्यस्त थे, वहीं दूसरी तरफ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम में अपने सारे चुनावी कार्यक्रम रद्द कर दिए थे। वे तुरंत छत्तीसगढ़ पहुंचे, न केवल हाई-लेवल मीटिंग ली, बल्कि घायल जवानों से अस्पताल जाकर मुलाकात की और उनके इलाज की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की।
पंकज झा ने अपने बयान के अंत में कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि दीपक बैज और कांग्रेस को बस्तर की चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। जिस सरकार और विचार ने बस्तर को नक्सलवाद के खौफ से मुक्त कराने का बीड़ा उठाया है, वही बस्तर की तरक्की का खाका भी खींचेगी। उन्होंने ज़ोर देकर कहा- “जिसने बस्तर को नक्सल मुक्त बनाया है, वही उसे संवार भी लेगा ही। हमने बनाया है - हम ही संवारेंगे।”