

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Prayas residential school students protest in Ambikapur
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित आदिवासी विकास विभाग द्वारा संचालित प्रयास आवासीय विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर छात्रों का आक्रोश सामने आया है। विद्यालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं से नाराज सैकड़ों छात्र शुक्रवार को करीब 10 किलोमीटर पैदल चलकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और अपनी समस्याओं को लेकर प्रशासन से शिकायत की।
छात्रों ने आरोप लगाया कि विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि कई विषयों के शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं, जिसके कारण नियमित पढ़ाई नहीं हो पा रही है और उनके भविष्य पर इसका असर पड़ रहा है।
भोजन व्यवस्था को लेकर भी छात्रों ने गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना है कि जब बड़े अधिकारी निरीक्षण के लिए आते हैं, तब उन्हें बेहतर और स्वादिष्ट भोजन परोसा जाता है, लेकिन सामान्य दिनों में खराब गुणवत्ता का चावल और निम्न स्तर का भोजन दिया जाता है।
इसके अलावा छात्रों ने बाल कटिंग और अन्य मूलभूत सुविधाओं में भी अनियमितता का आरोप लगाया। छात्रों का कहना है कि उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जाता और अधिकारी केवल औपचारिक निरीक्षण कर वापस लौट जाते हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आदिवासी विकास विभाग के अधिकारियों ने छात्रों से चर्चा की। सहायक आयुक्त ललित शुक्ला ने छात्रों की शिकायतों की जांच कर उचित कार्रवाई और आवश्यक सुधार का आश्वासन दिया है।
प्रयास आवासीय विद्यालय के छात्रों के इस विरोध प्रदर्शन ने आदिवासी विकास विभाग की कार्यप्रणाली और आवासीय विद्यालयों की व्यवस्थाओं पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच कर सुधारात्मक कदम उठाने का दावा किया है।