

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

India Zimbabwe Women series
रायपुर, 7 अक्टूबर 2026। नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, परसदा में होने वाली भारत महिला और जिम्बाब्वे महिला टी-20 क्रिकेट सीरीज को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सीरीज के तीन अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर 2026 को खेले जाएंगे। मैचों के सुचारू संचालन और दर्शकों की सुविधा को लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित कर तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य सचिव ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग को सभी संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा, यातायात और मैच संचालन से जुड़े कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए पुलिस विभाग और आयोजक संस्थाओं को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में बनी लोकल सपोर्ट कमेटी
मैचों के सफल संचालन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय के लिए रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी गठित की गई है। समिति में रायपुर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, खेल एवं युवा कल्याण संचालक, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि शामिल हैं।
ई-टिकट से एंट्री, स्टेडियम में मिलेगा ओपन वाई-फाई
दर्शकों को ई-टिकट के जरिए स्टेडियम में प्रवेश दिया जाएगा। टिकट आसानी से स्कैन हो सकें, इसके लिए स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई की व्यवस्था की जाएगी। टिकटों का वितरण ऑनलाइन होगा। टिकट पर स्टेडियम का नाम 'शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर अटल नगर' स्पष्ट रूप से दर्ज रहेगा।
पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी फोकस
दर्शकों की सुविधा के लिए टिकट धारकों को निर्धारित अनुपात में पार्किंग पास उपलब्ध कराए जाएंगे। स्टेडियम परिसर और सभी पार्किंग क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को पुलिस, एनआरडीए, सीएससीएस और बीसीसीआई के समन्वय से संचालित किया जाएगा।
एंबुलेंस और ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था
स्वास्थ्य विभाग आसपास के अस्पतालों की मैपिंग करेगा। स्टेडियम में एंबुलेंस की तैनाती रहेगी। आपातकालीन इलाज और वीवीआईपी आवागमन के लिए ग्रीन कॉरिडोर का मार्ग भी निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा फायर ब्रिगेड, पर्याप्त पानी और आपात स्थिति में इस्तेमाल होने वाले वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
बिजली और मोबाइल नेटवर्क की भी होगी व्यवस्था
मैचों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए सीएसपीडीसीएल और ऊर्जा विभाग को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी बीएसएनएल को दी गई है।
स्टेडियम में खाद्य सामग्री और पेयजल की उपलब्धता को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के यशवंत कुमार, पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, संचालक जनसंपर्क आशीष टिकरिया, एमडी टूरिज्म सौमिल रंजन चौबे समेत रायपुर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, एनआरडीए, फायर एंड सेफ्टी, एयरपोर्ट अथॉरिटी, सीएसपीडीसीएल, पीडब्ल्यूडी और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अधिकारी शामिल हुए।