

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Preparations underway to secure 33% reservation for women; PM Modi says the promise will be fulfilled, come what may.
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के संकल्प को एक बार फिर दोहराया है। शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो संदेश जारी कर उन्होंने कहा कि सरकार नारी शक्ति से किया गया वादा पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि महिला आरक्षण लागू करने की राह में आने वाली हर बाधा को दूर किया जाएगा। इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इसे महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर साझा किए गए वीडियो संदेश में कहा कि महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिलाने की लड़ाई कई दशकों से जारी है। देश की कई महिलाओं ने पत्र लिखकर और व्यक्तिगत मुलाकातों के जरिए इस मुद्दे को उनके सामने उठाया है। पीएम मोदी ने कहा कि वे स्वयं भी इस संघर्ष का हिस्सा रहे हैं। सरकार का संकल्प अटल है और देश की महिलाओं का समर्थन उनके साथ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नारी शक्ति से किए गए वादे को पूरा करने के लिए सरकार हर जरूरी कदम उठाएगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी प्रधानमंत्री के संदेश का समर्थन करते हुए कहा कि महिलाओं को जनप्रतिनिधित्व में मजबूत भागीदारी दिलाना मोदी सरकार का संकल्प रहा है। उन्होंने X पर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय कैबिनेट ने 132वें संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दी है। इससे महिलाओं की दशकों पुरानी प्रतीक्षा समाप्त होने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। अमित शाह ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण सुनिश्चित करने वाली इस पहल का समर्थन करें।
केंद्रीय कैबिनेट ने शुक्रवार को तीन संशोधित विधेयकों को मंजूरी दी है। इनमें संविधान (132वां संशोधन) विधेयक 2026, परिसीमन (द्वितीय) विधेयक 2026 और केंद्रशासित प्रदेशों के कानूनों में संशोधन से संबंधित विधेयक शामिल हैं। प्रस्ताव के मुताबिक, राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की लोकसभा सीटों तथा राज्य विधानसभाओं की सीटों में एकसमान 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी।
इस बदलाव के बाद लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 543 से बढ़कर 850 हो सकती है। इसमें राज्यों के लिए 815 और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए 35 सीटों का प्रस्ताव है। वहीं, राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने की योजना है।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के बंटवारे का आधार 1971 की जनगणना को बनाए रखने की बात कही गई है। इसका उद्देश्य राज्यों के प्रतिनिधित्व के मौजूदा अनुपात को प्रभावित होने से बचाना है। साथ ही संशोधित सीटों और उनकी सीमाओं को वर्ष 2051 तक फ्रीज रखने का प्रस्ताव है। सरकार का मानना है कि इससे महिला आरक्षण लागू करने के साथ प्रतिनिधित्व की व्यवस्था में संतुलन बनाए रखने में मदद मिलेगी।
महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों को लेकर विपक्षी दलों के बीच भी राजनीतिक समीकरण बदलते दिखाई दे रहे हैं। अप्रैल 2026 में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक लोकसभा में आवश्यक दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण पारित नहीं हो सका था। हालांकि, इस बार राज्यों की सीटों में समान रूप से 50 प्रतिशत बढ़ोतरी और 2051 तक सीटें फ्रीज रखने के प्रस्ताव के बाद कुछ विपक्षी दलों का रुख बदला है।
एमके स्टालिन की पार्टी डीएमके और शरद पवार के नेतृत्व वाले एनसीपी गुट ने नए प्रस्ताव को समर्थन देने का ऐलान किया है। इससे सरकार को राजनीतिक समर्थन मिलने की उम्मीद बढ़ी है। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी की मौजूदगी में इंडिया गठबंधन के नेताओं ने बैठक कर विधेयक के विरोध की रणनीति बनाई है।
कांग्रेस और विपक्ष के कुछ अन्य दलों का कहना है कि महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ना उचित नहीं है। उनकी मांग है कि मौजूदा 543 लोकसभा सीटों पर ही तत्काल 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू किया जाना चाहिए। विपक्ष का तर्क है कि महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने के लिए परिसीमन की प्रक्रिया का इंतजार नहीं किया जाना चाहिए। ऐसे में 132वें संविधान संशोधन विधेयक को लेकर संसद में सियासी बहस तेज होने की संभावना है।