

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
.jpeg&w=3840&q=75)
Supreme Court takes a stern stance on the Karthigai Deepam dispute; issues contempt notices to several officials, including the Chief Secretary of Tamil Nadu.
नई दिल्ली। तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंड्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने के आदेश का पालन नहीं होने पर सुप्रीम कोर्ट ने राज्य प्रशासन के प्रति कड़ी नाराजगी जताई है। अदालत ने प्रथमदृष्टया टिप्पणी की कि तमिलनाडु या कम से कम मदुरै जिले में प्रशासनिक अराजकता की स्थिति दिखाई दे रही है। अधिकारियों को यह अधिकार नहीं है कि वे अपनी मर्जी से तय करें कि अदालत के किस आदेश का पालन करना है और किसका नहीं।जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की पीठ ने स्पष्ट कहा कि अदालत का आदेश बातचीत का निमंत्रण नहीं है। जब तक किसी आदेश में बदलाव नहीं किया जाता, तब तक अधिकारियों और कानून के तहत काम करने वाली धार्मिक संस्थाओं के लिए उसका पालन करना अनिवार्य है।अदालत ने यह भी आशंका जताई कि अधिकारियों ने राजनीतिक आकाओं के इशारे पर काम किया हो सकता है। मामले में सख्ती दिखाते हुए सुप्रीम कोर्ट ने शनिवार को दीपस्तंभ पर दीप जलाने का निर्देश दिया है।
सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), मदुरै के कलेक्टर, पुलिस आयुक्त और पुलिस अधीक्षक समेत कई अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किया है। हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के सचिव और आयुक्त के साथ मंदिर के संबंधित अधिकारियों को भी नोटिस दिया गया है।मुख्य सचिव को अगली सुनवाई में व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। साथ ही अधिकारियों के बीच हुए फोन कॉल, ईमेल और संदेशों का पूरा विवरण हलफनामे के माध्यम से पेश करने को कहा गया है।
अदालत ने शनिवार को दीपस्तंभ पर दीप जलाने की अनुमति देने का आदेश दिया है। इसके तहत प्रत्येक श्रद्धालु को दीपदान करने की इजाजत होगी। हालांकि, दरगाह की सुरक्षा और धार्मिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए दीपस्तंभ से दरगाह की सभी दिशाओं में कम से कम 50 मीटर की दूरी बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को सौंपी गई है। सीआरपीएफ मंदिर, पहाड़ी और दरगाह की सुरक्षा संभालेगी। अदालत ने यह भी साफ किया है कि मुस्लिम श्रद्धालुओं को दरगाह जाने और वहां इबादत करने से नहीं रोका जाना चाहिए।
सुप्रीम कोर्ट ने मंदिर के प्रशासन को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। मद्रास हाई कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस एस. वैद्यनाथन और जस्टिस वी. पार्थिबन अब मंदिर का प्रशासन संभालेंगे।इसके अलावा दीपस्तंभ से जुड़े मामले में मद्रास हाई कोर्ट के निष्कर्षों पर लगी रोक भी हटा दी गई है। हालांकि, दरगाह की सुरक्षा से संबंधित पहले जारी निर्देश प्रभावी रहेंगे।
सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को निर्देश दिया था कि एक बार के लिए 24 नवंबर को दीपस्तंभ पर कार्तिगई दीपम जलाया जाए। इसके बावजूद आदेश का पालन नहीं हुआ। इस पर अदालत ने नाराजगी जताते हुए कहा कि न्यायिक आदेशों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती।पीठ ने दोहराया कि अदालत के निर्देश लागू रहने तक प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित संस्थाओं को उनका पालन करना ही होगा।
तिरुपरंकुंड्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने की जगह को लेकर विवाद है। हिंदू याचिकाकर्ताओं की मांग है कि दरगाह के पास स्थित पत्थर के स्तंभ पर भी दीप जलाया जाए। दूसरी ओर, तमिलनाडु सरकार का कहना है कि यह स्तंभ अंग्रेजों के शासनकाल का सर्वेक्षण स्तंभ है।मंदिर के ट्रस्टियों का तर्क है कि पुरानी परंपरा के अनुसार दीप उच्चिपिल्लैयार मंडपम में ही जलाया जाना चाहिए। इस वर्ष भी दीप इसी मंडपम में जलाया गया था। विवाद का मुख्य मुद्दा यही है कि दीप जलाने के लिए पारंपरिक स्थान का इस्तेमाल किया जाए या पहाड़ी पर स्थित विवादित पत्थर के स्तंभ पर भी दीप प्रज्वलित करने की अनुमति दी जाए।