

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

President Droupadi Murmu has arrived in Jagdalpur; after offering prayers to Goddess Danteshwari, she will participate in the 'Muria Darbar'.
बस्तर दशहरे के ऐतिहासिक मुरिया दरबार में शामिल होने वाली देश की पहली राष्ट्रपति होंगी द्रौपदी मुर्मू, जनजातीय प्रतिनिधियों से करेंगी संवाद
जगदलपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को बस्तर के जगदलपुर पहुंच गई हैं। अपने दौरे के दौरान वे सबसे पहले मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद सिरहासार भवन में आयोजित ऐतिहासिक मुरिया दरबार में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के इस दौरे को बस्तर की जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बस्तर दशहरे के मुरिया दरबार में शामिल होने वाली वे देश की पहली राष्ट्रपति होंगी।
राष्ट्रपति के साथ राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी बस्तर दौरे पर हैं। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। कार्यक्रम स्थलों और शहर के प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
मुरिया दरबार में जनजातीय प्रतिनिधियों से करेंगी संवाद
मां दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद राष्ट्रपति सिरहासार भवन पहुंचेंगी, जहां बस्तर दशहरे के पारंपरिक मुरिया दरबार का आयोजन किया गया है। यहां वे मांझी-चालकियों और विभिन्न जनजातीय समुदायों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगी। इस दौरान उनकी समस्याओं, जरूरतों और क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर बातचीत करेंगी।
मुरिया दरबार बस्तर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस आयोजन में जनजातीय समाज के प्रतिनिधि अपनी बात रखते हैं। राष्ट्रपति की मौजूदगी से इस पारंपरिक आयोजन को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान मिलने की उम्मीद है।
लालबाग मैदान में देखेंगी बस्तर दशहरा प्रदर्शनी
मुरिया दरबार में शामिल होने और दोपहर के भोजन के बाद राष्ट्रपति लालबाग मैदान पहुंचेंगी। यहां वे बस्तर दशहरा प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगी और आमसभा को संबोधित करेंगी। इस दौरान बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं और क्षेत्र की विशिष्ट पहचान को प्रदर्शित किया जाएगा।
राष्ट्रपति का यह दौरा बस्तर की सांस्कृतिक विरासत को देशभर में पहचान दिलाने के साथ जनजातीय समुदायों से सीधे संवाद के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए जगदलपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जगदलपुर एयरपोर्ट, सिरहासार भवन और मां दंतेश्वरी मंदिर क्षेत्र को नो-ड्रोन जोन घोषित किया गया है। वहीं, सुरक्षा और कार्यक्रमों के सुचारु संचालन के लिए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर निर्धारित समय के दौरान यातायात बंद रहेगा।
प्रशासन ने लोगों से यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर पूरे शहर में सुरक्षा एजेंसियां और प्रशासनिक अमला अलर्ट पर है।