

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

President Droupadi Murmu praised the unique traditions of Bastar Dussehra, describing them as a 'vibrant symbol of social harmony and democratic values.'
रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में आयोजित विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा उत्सव में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने बस्तर दशहरा की विशिष्ट धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं की सराहना करते हुए इसे सामाजिक समरसता, सामूहिक आस्था, जनजातीय विरासत और लोकतांत्रिक मूल्यों का जीवंत प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि लगभग 75 दिनों तक चलने वाला यह अनूठा उत्सव विभिन्न समुदायों को एक सूत्र में बांधने और पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं को संरक्षित रखने का उत्कृष्ट उदाहरण है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रपति का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि हिंसक माओवाद से मुक्त हो रहा बस्तर अब नवनिर्माण और विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। वहीं, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने पारंपरिक प्रतिनिधियों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में किए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि मांझियों का मासिक मानदेय बढ़ाकर 5,000 रुपये और चालकियों का मानदेय 3,500 रुपये कर दिया गया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मुरिया दरबार की परंपरा को जमीनी स्तर पर लोकतांत्रिक व्यवस्था का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि इस परंपरा में समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि एक साथ बैठकर जनसमस्याओं, आवश्यकताओं और सामाजिक विषयों पर चर्चा करते हैं। सामूहिक संवाद से निकले समाधान सामाजिक सहयोग और खुशहाली का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
उन्होंने कहा कि बस्तर दशहरा की सबसे बड़ी विशेषता इसमें विभिन्न गोत्रों, समुदायों और समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी है। रथ निर्माण, रथ खींचने, पूजा-अर्चना और अन्य अनुष्ठानों में प्रत्येक समुदाय अपनी परंपरागत जिम्मेदारी निभाता है। यह सहभागिता सामाजिक एकता, आपसी सहयोग और सांस्कृतिक निरंतरता का असाधारण उदाहरण है।
राष्ट्रपति ने कहा कि जनजातीय समाज में अपार प्रतिभा और संभावनाएं हैं। उचित अवसर, प्रोत्साहन और संसाधन मिलने पर जनजातीय समाज के बेटे-बेटियां जीवन के हर क्षेत्र में देश का गौरव बढ़ा सकते हैं।
उन्होंने बस्तर पंडुम और बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच जनजातीय युवाओं को अपनी कला, संस्कृति, परंपराओं और खेल प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि बस्तर के युवा भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे।
राष्ट्रपति ने नक्सलवाद की समस्या से मुक्ति, सुरक्षा और विकास के क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलावों का भी उल्लेख किया। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि हिंसा से मुक्ति के बाद बस्तर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
राष्ट्रपति ने बस्तर के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि रामायण में इस क्षेत्र का संबंध दंडकारण्य से जोड़ा जाता है। भगवान श्रीराम के वनवास से संबंधित अनेक प्रसंग यहां की सांस्कृतिक स्मृतियों में विद्यमान हैं। माता शबरी के प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की सांस्कृतिक विरासत भारतीय परंपरा का अभिन्न हिस्सा है।
उन्होंने नागरिकों से भगवान श्रीराम के आदर्शों, माता सीता की पवित्रता और माता शबरी की भक्ति से प्रेरणा लेकर नैतिकता, मर्यादा और मानवीय मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बस्तर की सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
राष्ट्रपति मुर्मु ने जनजातीय समाज की प्रकृति पूजा की परंपरा की सराहना की। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधों, जंगलों और प्राकृतिक संसाधनों के प्रति सम्मान जनजातीय जीवन दर्शन की विशिष्ट पहचान है। प्रकृति हमें ऑक्सीजन, जल, फल, फूल, भोजन और औषधियां प्रदान करती है, इसलिए उसकी पूजा के साथ संरक्षण और संवर्धन भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि जंगल, पहाड़ और प्राकृतिक संसाधन अमूल्य धरोहर हैं। वनों की रक्षा और अधिकाधिक पौधरोपण भविष्य की पीढ़ियों के लिए आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों, विशेषकर जनजातीय समाज से प्रकृति को सुरक्षित रखने और जंगलों को हरा-भरा बनाए रखने की अपील की।
राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि जनजातीय उद्यमियों को वित्तीय सुविधाओं और बाजार से जोड़ने के प्रयास समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में जनजातीय समाज की भागीदारी और मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का बस्तर की धरती से गहरा जुड़ाव रहा है। इसी वर्ष फरवरी में उन्होंने बस्तर पंडुम का शुभारंभ किया था। इसके बाद उन्होंने आयोजन के विजेताओं को राष्ट्रपति भवन आमंत्रित कर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर दशहरा में राष्ट्रपति की उपस्थिति से पूरे बस्तर क्षेत्र का उत्साह बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि लगभग 75 दिनों तक चलने वाला बस्तर दशहरा लोक संस्कृति, समतामूलक विचारों, सामूहिक सहभागिता और आपसी विश्वास का प्रतीक है। इस वर्ष यह उत्सव इसलिए भी विशेष है, क्योंकि बस्तर हिंसक माओवाद से मुक्त होकर नवनिर्माण और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर पंडुम के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध जनजातीय कला, संस्कृति और परंपराओं को देश-दुनिया तक पहुंचाया जा रहा है। वहीं, बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन युवाओं को नई संभावनाओं से जोड़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने बस्तर के समग्र विकास के लिए स्पष्ट रोडमैप तैयार किया है। नियद नेल्लानार योजना के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और पीएम-जनमन योजना के तहत अंदरूनी बसाहटों को सड़क मार्ग से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सड़क संपर्क वाले क्षेत्रों में मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के जरिए परिवहन सुविधाओं के विस्तार के प्रयास किए जा रहे हैं। रायपुर से रावघाट तक रेल सेवा शुरू की गई है, जबकि रावघाट-जगदलपुर रेल लाइन पर काम जारी है। रायपुर से विशाखापट्टनम एक्सप्रेसवे का बड़ा हिस्सा बस्तर क्षेत्र से गुजरता है।
मुख्यमंत्री ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होम-स्टे व्यवस्था, वन धन केंद्रों के माध्यम से वनोपज संग्राहकों को उचित मूल्य दिलाने और स्थानीय लोगों की आजीविका के अवसर बढ़ाने के प्रयासों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने बताया कि जगदलपुर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल शुरू किया गया है और गीदम में मेडिकल कॉलेज इसी शैक्षणिक सत्र से प्रारंभ हो गया है। ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित करने का कार्य भी किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि बस्तर को देश का अग्रणी संभाग बनाने और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को पूरा करने के प्रयासों को और मजबूती मिलेगी।
संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने बस्तर की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने वाले पारंपरिक प्रतिनिधियों के सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि मांझियों का मासिक मानदेय 2,000 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये कर दिया गया है। इसी तरह चालकियों का मानदेय 1,500 रुपये से बढ़ाकर 3,500 रुपये प्रतिमाह किया गया है। यह निर्णय बस्तर की परंपराओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी जीवित रखने वाले पारंपरिक प्रतिनिधियों के योगदान के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
राज्यपाल रमेन डेका ने बस्तर दशहरा और विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और लोकतांत्रिक मूल्य हमारी सभ्यता एवं संस्कारों में गहराई से रचे-बसे हैं।
उन्होंने कहा कि सामूहिकता जनजातीय समाज की जीवन पद्धति का अभिन्न हिस्सा है। गांवों में सामाजिक निर्णय मिल-बैठकर लिए जाते हैं और प्रत्येक व्यक्ति की आवाज को सम्मान दिया जाता है। बस्तर दशहरा समाज को साथ लेकर चलने की सीख देता है।
राज्यपाल ने कहा कि रथ के लिए लकड़ी लाने से लेकर उसके निर्माण और संचालन तक विभिन्न गांवों एवं समुदायों के लोग अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं। राजशाही की समाप्ति के बाद भी यह परंपरा निरंतर जारी रही और लोकतांत्रिक संवाद के सशक्त मंच के रूप में विकसित हुई। उन्होंने कहा कि जब शासन और समाज आमने-सामने बैठकर चर्चा करते हैं, तब कठिन समस्याओं का समाधान भी निकाला जा सकता है।
राष्ट्रपति ने बस्तर दशहरा के पारंपरिक अनुष्ठानों का उल्लेख करते हुए कुटुम्ब जात्रा के माध्यम से ग्राम देवी-देवताओं की विदाई और 27 अक्टूबर को मां दंतेश्वरी तथा देवी मावली की डोली विदाई का जिक्र किया। उन्होंने मां दंतेश्वरी से बस्तरवासियों के उज्ज्वल भविष्य, छत्तीसगढ़ की प्रगति और समग्र विकास की कामना की।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री राम विचार नेताम, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, बस्तर सांसद एवं बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, कोंडागांव विधायक लता उसेंडी, महापौर संजय पांडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी बीएन मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, एसपी शलभ सिन्हा, पारंपरिक मांझी-चालकी, मेंबर-मेंबरिन, नाइक-पाइक, बस्तर दशहरा समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।