

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Three villagers on their way to sing devotional songs were run over by a bus; all three died.
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों एक ही गांव के रहने वाले थे और सपोस में आयोजित रामनाम सप्ताह कार्यक्रम में भजन गाने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार यात्री बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
घटना डभरा-चंद्रपुर मार्ग पर छवारिपाली पेट्रोल पंप के पास की है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम दर्री निवासी हरिशंकर चौहान (40), मोहरदास बैरागी (55) और शेतकुमार पटेल (62) रविवार सुबह एक ही बाइक पर सवार होकर सपोस में आयोजित रामनाम सप्ताह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। तीनों को वहां भजन गायन की प्रस्तुति देनी थी।
इसी दौरान रायपुर से डभरा की ओर जा रही मुस्कान यात्री बस ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों उछलकर सड़क पर जा गिरे और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही डभरा पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
डभरा थाना प्रभारी राजेश पटेल के मुताबिक, हादसे के बाद बस चालक घटनास्थल से फरार हो गया है। पुलिस उसकी भूमिका और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
एक ही गांव के तीन लोगों की एक साथ मौत से ग्राम दर्री सहित आसपास के इलाकों में शोक की लहर है। धार्मिक कार्यक्रम में भजन गाने निकले तीनों लोगों की इस तरह दर्दनाक मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।