

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Public Interest Litigation (PIL) challenging the appointment of the Vice-Chancellor of Pt. Ravishankar Shukla University dismissed by the High Court.
पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डा. सच्चिदानंद शुक्ल की नियुक्ति को चुनौती देने वाली जनहित याचिका को छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने खारिज कर दिया है। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा, कि याचिकाकर्ता यह साबित नहीं कर पाए कि याचिका जनहित में या आम जनता को हुई किसी क्षति के निवारण के लिए दायर की गई है।
कोर्ट ने अपने आदेश में यह भी कहा, कि यह नियुक्ति मुख्यत: एक व्यक्ति की नियुक्ति से संबंधित है, जिसे जनहित याचिका के माध्यम से नहीं उठाया जा सकता। मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति रविंद्र कुमार अग्रवाल की युगलपीठ ने यह आदेश पारित किया।
आपको बता दें, कि यह याचिका रायपुर निवासी और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ राकेश गुप्ता और श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के पूर्व कुलपति प्रो. लक्ष्मी शंकर निगम ने लगाई थी। याचिका में प्रो. सच्चिदानंद शुक्ल की नियुक्ति को चुनौती देते हुए उनकी नियुक्ति आदेश को रद्द करने की मांग की गई थी। याचिका में आरोप लगाया गया था, कि डॉ शुक्ल के पास विश्वविद्यालय अनुदान आयोग यानि यूजीसी के नियमों के अनुसार आवश्यक अनुभव नहीं था। उन्होंने सर्च कमेटी में एक सदस्य की नियुक्ति को भी अनुचित बताया था।
प्रतिवादियों ने जनहित याचिका की पोषणीयता पर सवाल उठाया और कहा, कि याचिकाकर्ता ने एक व्यक्तिगत नियुक्ति को चुनौती दी है और आम जनता को हुई किसी वास्तविक क्षति का उल्लेख नहीं किया है।
हाई कोर्ट ने इस मामले में कहा, कि जनहित याचिका के लिए वास्तविक जनहित और याचिकाकर्ता का पर्याप्त लोकस होना आवश्यक है। यदि इसका उपयोग निजी स्वार्थ के लिए किया जाता है, तो यह जनहित याचिका की प्रक्रिया के दुरुपयोग का कारण बन सकता है।