

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Rain expected in Chhattisgarh over the next four days; 'Yellow Alert' issued for several districts.
रायपुर। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पूरे देश को कवर कर लिया है। हालांकि छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर और मध्य क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां कमजोर रहीं, जबकि दक्षिणी जिलों में मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। शुक्रवार के लिए कई जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
गुरुवार को राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं होने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को रायपुर में आसमान में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। शहर का अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस रायपुर के माना में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड हुआ। इसके बावजूद प्रदेश में अब तक औसत बारिश सामान्य से 18 प्रतिशत कम बनी हुई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान गंगालूर में 3 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा दंतेवाड़ा, करपावंड, पेण्ड्रा रोड, गीदम, लोहंडीगुडा और सकोला में 2-2 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं रेंगाखार कला, बस्तर, मरवाही, धानोरा, डोंगरगढ़, धबहारपुर और भैरमगढ़ में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून द्रोणिका अनूपगढ़, रोहतक, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश, फुरसतगंज, डेहरी, धनबाद, बांकुरा और दीघा होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके अगले 24 घंटों में उत्तर-पूर्व दिशा की ओर बढ़ते हुए धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर और सरगुजा जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक, बिजली गिरने, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और खुले क्षेत्रों से बचने की सलाह दी गई है।