

Copyright © 2025 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Rain havoc in Jammu and Kashmir: Landslide on Vaishno Devi route, 34 devotees died, 23 injured
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। बुधवार को कटरा स्थित श्री माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर बड़ा भूस्खलन हुआ, जिसमें 34 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 23 लोग घायल हो गए। राहत व बचाव कार्य जारी है, लेकिन आशंका है कि मलबे के नीचे और लोग फंसे हो सकते हैं।
भारी बारिश से जम्मू-कटरा राजमार्ग कई जगहों पर बंद हो गया है। मलबा और पत्थर गिरने से यातायात ठप हो गया। नॉर्दर्न रेलवे ने सुरक्षा कारणों से बुधवार को 22 ट्रेनें रद्द कर दीं और 27 ट्रेनों को शॉर्ट-टर्मिनेट किया। इनमें वैष्णो देवी बेस कैंप से चलने वाली 9 ट्रेनें भी शामिल हैं। चक्की नदी में बाढ़ आने से पठानकोट–कंदरोरी (हिमाचल प्रदेश) के बीच रेल यातायात भी रोकना पड़ा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर शोक जताते हुए कहा कि “श्री माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर हुए भूस्खलन के कारण हुई जनहानि दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायल जल्द स्वस्थ हों। प्रशासन प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद कर रहा है।”
मंगलवार को जम्मू में सुबह 11.30 से शाम 5.30 बजे के बीच महज 6 घंटे में 22 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस दौरान कई पुल ढह गए, बिजली लाइनों और मोबाइल टावरों को नुकसान पहुंचा। लगातार बारिश से जिले में बाढ़ जैसे हालात बन गए, हालांकि आधी रात के बाद बारिश में कमी आई, जिससे थोड़ी राहत मिली।
लगातार बारिश और बाढ़ की वजह से अब तक 3,500 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। जिला प्रशासन, जेके पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना और स्थानीय वॉलंटियर्स की मदद से राहत कार्य चल रहे हैं। प्रभावित परिवारों को अस्थायी शेल्टर्स में खाना, पानी और मेडिकल सहायता दी जा रही है।
लगातार बारिश और तूफान के कारण कई इलाकों में टेलीकॉम ब्लैकआउट हो गया है। लाखों लोग संपर्क से बाहर हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बादल 12 किलोमीटर ऊंचाई तक पहुंच रहे हैं, जो बेहद सक्रिय तूफानों का संकेत है। सिस्टम ईस्ट-नॉर्थईस्ट की ओर बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में पहाड़ी व मैदानी इलाकों में बारिश जारी रह सकती है।
जम्मू शहर, आरएसपुरा, सांबा, अखनूर, नगरोटा, कोट भलवाल, बिश्नाह, विजयपुर, कठुआ और ऊधमपुर सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। वहीं, रियासी, रामबन, डोडा, बिलावर, कटरा, रामनगर और बनिहाल में हल्की बारिश दर्ज की गई है।