

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Rain havoc in Raigarh: 3,000 LPG cylinders washed away in Patalganga River; administration issues alert.
रायगढ़। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के पातालगंगा एलपीजी बॉटलिंग प्लांट से करीब 3,000 भरे और खाली गैस सिलेंडर तेज बहाव में पातालगंगा नदी में बह गए। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सिलेंडरों से दूर रहने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार, कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण HPCL के पातालगंगा बॉटलिंग प्लांट में अचानक जलभराव हो गया। पानी का स्तर तेजी से बढ़ने के कारण प्लांट में रखे करीब 3,000 एलपीजी सिलेंडर बहकर नदी में पहुंच गए। इनमें कुछ सिलेंडर गैस से भरे हुए थे, जबकि कुछ खाली बताए जा रहे हैं।
नदी में बहते गैस सिलेंडरों का वीडियो स्थानीय लोगों ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा किया। देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया, जिसके बाद नदी किनारे बसे गांवों में दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने घटना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि गैस से भरे सिलेंडर आपस में टकराकर विस्फोट कर देते तो नदी किनारे बसे गांवों में बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद कुछ लोग नदी में बहकर आए खाली सिलेंडरों को अपनी मोटरसाइकिल और अन्य वाहनों में लादकर ले जाने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस और HPCL के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को ऐसा करने से रोका और सिलेंडर अपने साथ ले जाने पर सख्ती बरती।
रायगढ़ के जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को नदी या आसपास के क्षेत्र में गैस सिलेंडर मिले तो उन्हें अपने पास न रखें और न ही हाथ लगाने की कोशिश करें। ऐसे सिलेंडरों की सूचना तुरंत संबंधित तहसीलदार कार्यालय या HPCL के अधिकृत डीलर को दें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सिलेंडरों में गैस हो सकती है, इसलिए सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनसे दूरी बनाए रखें।