

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Raipur News: Fraudulent godmen swindled a woman out of 15 tolas of gold and ₹9,000 in Fafadih by promising to cure her illness.
रायपुर। रायपुर के फाफाडीह में तीन फर्जी बाबाओं ने पूजा-पाठ के नाम पर महिला को अपने झांसे में लिया। बीमारी और पारिवारिक परेशानियां दूर करने का दावा कर आरोपियों ने महिला से करीब 15 तोला सोना और 9 हजार रुपए ठग लिए। मार्च से सितंबर के बीच आरोपी अलग-अलग समय पर महिला के घर पहुंचते रहे। सितंबर में लगातार सोना और रुपए मांगने पर महिला को ठगी का अहसास हुआ। पति की शिकायत पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक फाफाडीह निवासी जसवंत परमार की पत्नी नैना के घर मार्च में तीन बाबा पहुंचे थे। बताया गया कि उनकी भाषा राजस्थानी जैसी थी। इनमें से एक बाबा ने नैना की बीमारी और आंखों से जुड़ी कुछ ऐसी बातें बताईं, जो सही निकलीं। इससे महिला को उन पर भरोसा हो गया।
आरोपी ने पूजा-पाठ के जरिए बीमारी और पारिवारिक समस्याएं दूर करने का दावा किया। इसके बाद उसने महिला से सोने की अंगूठी और 9 हजार रुपए ले लिए।
पुलिस के अनुसार करीब 10 से 15 दिन बाद वही बाबा दोबारा महिला के घर पहुंचा। इस बार पूजा के नाम पर और सोना मांगा गया। इसके बाद तीनों आरोपी अलग-अलग समय पर महिला के घर आते रहे।
आरोपियों ने पूजा के नाम पर महिला से चेन, हार और कंगन समेत करीब 15 तोला सोना ले लिया। आरोपियों ने महिला को यह भी डराया कि अगर उसने किसी को इस बारे में बताया तो अनर्थ हो सकता है। डर के कारण महिला ने लंबे समय तक किसी को जानकारी नहीं दी।
सितंबर में जब आरोपियों ने लगातार फोन कर महिला से और सोना-रुपए मांगना शुरू किया, तब उसे शक हुआ। महिला को समझ आया कि बीमारी और पारिवारिक परेशानी दूर करने के नाम पर उसके साथ ठगी की गई है।
इसके बाद महिला ने अपने पति को पूरी घटना बताई। पति जसवंत परमार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। फिलहाल तीनों आरोपियों के मोबाइल फोन बंद बताए जा रहे हैं। पुलिस उनके मोबाइल नंबर और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर उनकी पहचान और लोकेशन का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के मुताबिक इस तरह से बीमारी, पारिवारिक समस्या या पूजा के नाम पर लोगों को भरोसे में लेकर जेवर ठगने का पैटर्न राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल और उज्जैन में भी सामने आ चुका है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी गिरोह से जुड़े हुए हैं या नहीं।